शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
450 करोड़ रुपये में बिका 6 करोड़ साल पुराना खजाना, दुनिया का दूसरा सबसे महंगा; लेकिन क्यों मचा बवाल?
वायरल

450 करोड़ रुपये में बिका 6 करोड़ साल पुराना खजाना, दुनिया का दूसरा सबसे महंगा; लेकिन क्यों मचा बवाल?

October 28, 2026


Last Updated:

न्यूयॉर्क के सोथबी ऑक्शन में नैनोटाइरैनस डायनासोर का एक दुर्लभ कंकाल 47.3 मिलियन डॉलर यानी करीब 450 करोड़ रुपये में बिका है. ‘जोडी’ नाम का यह कंकाल दुनिया का दूसरा सबसे महंगा फॉसिल बन गया है. 12 मिनट तक चली बोली में छह खरीदारों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला. वैज्ञानिकों ने इस ऐतिहासिक बिक्री पर भारी चिंता जताई है. उनका कहना है कि इस तरह के दुर्लभ जीवाश्म प्राइवेट तिजोरियों में बंद होने से रिसर्च को भारी नुकसान पहुंचेगा.

450 करोड़ रुपये में बिका 6 करोड़ साल पुराना खजाना, दुनिया में दूसरा सबसे महंगाZoom

450 करोड़ रुपये में बिका दुर्लभ डायनासोर का कंकाल. (Matthew Sherman/Courtesy Sotheby’s)

न्यूयॉर्क के मशहूर सोथबी ऑक्शन हाउस में विज्ञान और इतिहास की दुनिया का एक बड़ा सौदा देखने को मिला है. नैनोटाइरैनस डायनासोर का एक बेहद दुर्लभ कंकाल 47.3 मिलियन डॉलर यानी करीब 450 करोड़ रुपये में बिका है. इस कंकाल को वैज्ञानिकों ने ‘जोडी’ नाम दिया है. यह अब तक का दुनिया का दूसरा सबसे महंगा बिकने वाला फॉसिल बन गया है. नीलामी के दौरान छह बड़े खरीदारों के बीच करीब 12 मिनट तक जबर्दस्त जंग देखने को मिली. पहले इस जीवाश्म के 57 करोड़ से 85 करोड़ रुपये के बीच बिकने का अनुमान लगाया गया था. लेकिन अंतिम बोली ने सभी पुराने अनुमानों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया. करीब 9.6 फीट ऊंचे और 19.6 फीट लंबे इस कंकाल में कुल 191 हड्डियां सुरक्षित बची हैं. इसकी खोपड़ी लगभग पूरी तरह सुरक्षित है.

महज 12 मिनट की नीलामी में लगी 450 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड बोली

सोथबी ऑक्शन में जब जोडी की बोली शुरू हुई तो वहां मौजूद लोगों की सांसें थम गईं. छह बड़े दावेदार इस ऐतिहासिक कंकाल को हासिल करने के लिए आमने-सामने थे. सिर्फ 12 मिनट के भीतर बोलियां तेजी से ऊपर चढ़ने लगीं. अंत में यह कंकाल 450 करोड़ रुपये में एक अनजान खरीदार के नाम हो गया. इस कंकाल ने जीवाश्म की दुनिया में नया इतिहास रच दिया है.

इससे पहले जुलाई में टी-रेक्स का एक कंकाल गस करीब 476 करोड़ रुपये में बिका था. वह दुनिया का सबसे महंगा फॉसिल बना था. जोडी आकार में गस के मुकाबले आधा है. इसके बावजूद इसकी इतनी ऊंची कीमत लगने की मुख्य वजह इसकी दुर्लभता है. दुनिया में इस प्रजाति के गिने-चुने कंकाल ही अब तक मिल सके हैं.

क्या यह वास्तव में टी-रेक्स का रिश्तेदार है या महज एक बेबी डायनासोर?

जीवाश्म विज्ञान में नैनोटाइरैनस प्रजाति के अस्तित्व को लेकर लंबे समय से बहस चल रही है. वैज्ञानिक कई सालों तक इसे केवल टी-रेक्स का छोटा बच्चा मानते रहे थे. हाल के वर्षों में नए अध्ययनों से यह बात सामने आई है कि यह एक अलग प्रजाति का वयस्क डायनासोर था. सोथबी के विशेषज्ञों ने हड्डियों के विकास के आधार पर जोडी को एक वयस्क जीव माना है.

इस कंकाल की जो हड्डियां गायब थीं उन्हें 3डी प्रिंटिंग तकनीक से दोबारा तैयार किया गया है. इस फॉसिल को खरीदने वाले के पास अब इसके सभी अधिकार होंगे. इसका नया मालिक चाहे तो इसकी नकल बनाकर दुनिया भर के संग्रहालयों या निजी कलेक्टर्स को बेच सकता है.

मोंटाना के हेल क्रीक से कैसे बाहर आया यह 6 करोड़ साल पुराना खजाना?

  • इस बेहद दुर्लभ कंकाल की खोज साल 2019 में मोंटाना के एक खेत में जोडी पियर्सन नाम की महिला ने की थी. उन्हीं के सम्मान में इस जीवाश्म का नाम जोडी रखा गया था.
  • इसके बाद डायनासोर काउबॉय के नाम से मशहूर क्लेटन फिप्स ने जमीन खोदकर इसे बाहर निकाला. यह कंकाल अमेरिका के मोंटाना में स्थित मशहूर हेल क्रीक फॉर्मेशन से मिला है. यह इलाका डायनासोर के अवशेषों का सबसे बड़ा खजाना माना जाता है.
  • साल 1902 में टी-रेक्स का पहला कंकाल भी इसी जगह से खोजा गया था. इसी इलाके से फिप्स ने साल 2006 में ड्यूलिंग डायनासोर नाम का मशहूर फॉसिल भी खोजा था. वह जीवाश्म इस समय नॉर्थ कैरोलिना के विज्ञान संग्रहालय में सुरक्षित रखा गया है.

डायनासोर के इस कंकाल की ऐतिहासिक बिक्री से वैज्ञानिक क्यों नाराज हैं?

डायनासोर के कंकालों की इस तरह की महंगी बोलियों ने दुनिया भर के वैज्ञानिकों को नाराज कर दिया है. जीवाश्म वैज्ञानिकों का मानना है कि इस तरह के दुर्लभ अवशेष आम जनता और रिसर्च के दायरे से बाहर हो रहे हैं.

  • एडिनबर्ग यूनिवर्सिटी में जीवाश्म विज्ञान के प्रोफेसर स्टीव ब्रुसाटे ने कहा, ‘हमने हाल ही में जाना है कि नैनोटाइरैनस सच में मौजूद था. अब इसका सबसे बेहतरीन कंकाल सबसे ऊंची बोली लगाने वाले को बेच दिया गया है.
  • यह सोचना भी डरावना है कि यह कंकाल किसी कलेक्टर के तहखाने में बंद हो जाएगा.’ वैज्ञानिकों का तर्क है कि ऐसे कंकालों को म्यूजियम में रखा जाना चाहिए. वहां बच्चे और युवा इन्हें देखकर प्रेरित हो सकते हैं.
  • लंदन की क्वीन मैरी यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिक डेविड होन ने भी इस महंगी नीलामी पर हैरानी जताई है. डेविड होन ने कहा, ‘डायनासोर की कीमतों में यह एक गुब्बारा बन चुका है जिसे कभी न कभी फूटना ही है. कीमतें हमेशा के लिए इस तरह नहीं बढ़ सकतीं.’
  • उन्होंने कहा कि विशेषज्ञों द्वारा जांचे बिना किसी भी जीवाश्म का वैज्ञानिक महत्व तय नहीं हो सकता. जब तक यह कंकाल किसी सार्वजनिक संग्रह में नहीं आता तब तक यह विज्ञान के दायरे से पूरी तरह बाहर रहेगा.

अगर अरबपति इन दुर्लभ जीवाश्मों को अपने घरों का शोपीस बना लेंगे तो मानव सभ्यता पृथ्वी के प्राचीन इतिहास को जानने से वंचित रह जाएगी.

authorimg
दीपक वर्माDeputy News Editor

दीपक वर्मा की गिनती डिजिटल मीडिया के सबसे तेज और उभरते हुए चेहरों में होती है. वह न्यूज18 हिंदी के साथ डिप्टी न्यूज एडिटर के तौर पर जुड़े हैं. दीपक ने अपने करियर में कई बड़े मुकाम हासिल किए हैं…

और पढ़ें

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X