Kathua News:हथियारों के प्रदर्शन के चारों आरोपियों की जमानत याचिका खारिज – Jammu And Kashmir News
कठुआ। बसोहली के मार्था नगरोटा क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर तलवारों और अन्य धारदार हथियारों के कथित प्रदर्शन से जुड़े मामले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कठुआ की अदालत ने चार आरोपियों की जमानत याचिका खारिज कर दी है। अदालत ने माना कि मामले की जांच अभी प्रारंभिक चरण में है। इस समय आरोपियों को राहत देने से जांच प्रभावित हो सकती है।
थाना बसोहली में दर्ज एफआईआर के तहत विश्वजीत सिंह, अनिल कुमार, रजनीश कुमार और भरत बालिया ने जमानत के लिए आवेदन किया था। पुलिस को 29 अक्तूबर को सूचना मिली थी कि मार्था नगरोटा चौक पर कुछ लोग तलवारों और धारदार हथियारों का खुलेआम प्रदर्शन कर रहे हैं।इसके फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुए थे। इससे आम लोगों में भय और कानून-व्यवस्था संबंधी चिंताएं उत्पन्न हुईं।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया। एक आरोपी के खुलासे पर तलवार और एक बरछा बरामद किया गया है। पुलिस ने अदालत को बताया कि कुछ अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी बाकी है। गवाहों की पहचान और बयान दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
