समैन। गांव रसूलपुर में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज का निर्माण चार साल बाद भी शुरू नहीं होने से ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों का आरोप है कि टोहाना क्षेत्र के दो बड़े नेताओं की आपसी खींचतान के कारण यह परियोजना अटकी हुई है।
पंचायत सदस्य हिम्मत सिंह,नायब सिंह, अमरजीत कौर, सुखविद्र सिंह ने कहा कि कहना है कि मेडिकल कॉलेज बनने की उम्मीद में पंचायत ने 33 एकड़ जमीन सरकार को दे दी लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। करीब चार साल बीतने के बाद भी शिलान्यास तक नहीं हो पाया है।
सरपंच संदीप कुमार ने बताया कि इस जमीन से पंचायत को गांव के विकास कार्यों के लिए ठेके के माध्यम से सालाना 30 लाख रुपये से अधिक की आमदनी होती थी। जमीन सरकार को दिए जाने के बाद यह आय बंद हो गई। उम्मीद थी कि मेडिकल कॉलेज बनने से युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
ग्रामीणों ने सरकार से मेडिकल कॉलेज का निर्माण जल्द शुरू करवाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि परियोजना शुरू नहीं हो सकती तो पंचायत को जमीन फिर से ठेके पर देने की अनुमति दी जाए ताकि उससे होने वाली आमदनी से गांव के विकास कार्य करवाए जा सकें।
वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा ने बताया कि शहर में निर्माणाधीन अस्पताल को मेडिकल कॉलेज का दर्जा दिलाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। इस संबंध में सामाजिक न्याय मंत्री कृष्ण बेदी से चर्चा हुई है।