Rudraprayag News:दीपावली पर 20 क्विंटल फूलों से सजाया केदारनाथ मंदिर – Kedarnath Temple Decorated With 20 Quintals Of Flowers On Diwali
केदारनाथ/फाटा। दीपावली पर्व पर बाबा केदारनाथ का मंदिर करीब 20 क्विंटल गेंदे के फूलों से सजाया गया है। फूलों की सजावट से मंदिर परिसर महक उठा है। चारों ओर बर्फ से ढकी पर्वत शृंखलाओं के बीच फूलों से सजे मंदिर की छटा श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही है। वहीं दीपावली का पर्व बाबा केदारनाथ धाम में मनाने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और तीर्थयात्री धाम पहुंच रहे हैं।
श्रद्धालु मंदिर के भव्य श्रृंगार के दर्शन कर बाबा के जयकारे लगा रहे हैं। हर वर्ष केदारनाथ मंदिर के कपाट खुलने और बंद होने से पहले दीपावली पर फूलों से सजावट करने की परंपरा रही है। इस वर्ष 11 नवंबर को सुबह 8:30 बजे बाबा केदारनाथ के कपाट शीतकाल के लिए बंद होंगे। केदार सभा के अध्यक्ष राजकुमार तिवारी ने बताया कि मंदिर समिति की ओर से बाबा केदारनाथ के मंदिर को फूलों से सजाया गया है। संवाद
