Almora News:शैल गांव में सूखी घास के चार लुट्टों में लगी आग, अफरातफरी – Fire Breaks Out In Four Stacks Of Dry Grass In Shail Village; Chaos Ensues
सोमेश्वर (अल्मोड़ा)। तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत शैल में शनिवार दोपहर सूखी घास के चार लुट्टों में अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ग्रामीणों की ओर से रास्ते में रखी गए चारों घास के लुट्टे जलकर राख हो गए। आग की ऊंची लपटें उठती देख ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई।
शनिवार दोपहर गांव के रास्ते में ग्रामीणों ने पशुओं के चारे के लिए सूखी घास के लुट्टे रखे हुए थे। इसी दौरान अचानक इनमें आग लग गई।
शुरुआत में ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन सूखी घास होने के कारण आग तेजी से फैलने लगी। कुछ ही देर में आग ने चारों लुट्टों को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग एकजुट हो गए और आपसी सहयोग से आग बुझाने में जुट गए।
ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक चारों लुट्टे पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे। ग्राम प्रधान शैल शिव सिंह भाकुनी ने बताया कि गांव में अचानक सूखी घास के चार लुट्टों में आग लगने से काफी नुकसान हुआ है।
ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
