शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
गुरुग्राम:कैब चालक पर महिला को धमकाने का आरोप, ₹625 के किराए पर विवाद; कंपनी ने किया ड्राइवर का एकाउंट ब्लॉक – Cab Driver In Gurugram Accused Of Threatening A Woman
गुरुग्राम

गुरुग्राम:कैब चालक पर महिला को धमकाने का आरोप, ₹625 के किराए पर विवाद; कंपनी ने किया ड्राइवर का एकाउंट ब्लॉक – Cab Driver In Gurugram Accused Of Threatening A Woman

October 28, 2026


दिल्ली एयरपोर्ट से गुरुग्राम पहुंची एक महिला ने उबर कैब ड्राइवर पर बदसलूकी करने, जबरन ज्यादा किराया वसूलने की कोशिश करने और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने सोशल मीडिया X पर अपनी आपबीती साझा की। जिसके बाद उबर और पुलिस की प्रतिक्रिया सामने आई है।

महिला के मुताबिक, वह दिल्ली एयरपोर्ट से गुरुग्राम स्थित अपने घर जाने के लिए उबर कैब में सवार हुई थी। उबर ऐप पर यात्रा का किराया करीब 625 रुपये दिखाया गया था। लेकिन सफर खत्म होने के बाद ड्राइवर ने कथित तौर पर रैपिडो ऐप का स्क्रीनशॉट दिखाकर 1,479 रुपये की मांग की। 

महिला का कहना है कि उसने ड्राइवर को बताया कि उसने उबर कैब बुक की थी और ऐप पर किराया 625 रुपये ही दिखाया गया था। इसके बावजूद ड्राइवर ने कथित तौर पर ज्यादा पैसे देने का दबाव बनाया। महिला ने ऐप पर दिखाया गया किराया चुका दिया, लेकिन इसके बाद विवाद बढ़ गया।

महिला ने आरोप लगाया कि ड्राइवर ने गाड़ी लॉक कर दी और 1,479 रुपये दिए बिना उसका सामान निकालने से रोक दिया। जब उसने अपना सामान निकालने की कोशिश की, तो ड्राइवर ने कथित तौर पर उसका हाथ पकड़ लिया और सामान निकालने से रोकने के लिए खिड़की बंद कर दी।

महिला के मुताबिक, किसी तरह वह अपना सामान लेकर घर के अंदर जाने लगी, लेकिन ड्राइवर ने उसका पीछा किया। आरोप है कि उसने घर का गेट जबरन खोलने की कोशिश की, गाली-गलौज की और महिला को घर के अंदर जाने से रोकने का प्रयास किया। महिला का कहना है कि जब वह घर के अंदर पहुंचकर दरवाजा बंद कर चुकी थी, तब भी ड्राइवर कथित तौर पर गेट पर चढ़ने लगा और उसे जान से मारने की धमकी देने लगा।

महिला के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 4 बजकर 45 मिनट पर हुई। उसने सोशल मीडिया पोस्ट X में यह भी कहा कि घटना के बाद  उबर के सेफ्टी सपोर्ट से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसे ऐप पर सेफ्टी सपोर्ट का विकल्प नहीं मिला।

सोशल मीडिया पोस्ट के बाद  उबर और पुलिस की प्रतिक्रिया

महिला की पोस्ट के बाद उबर की ओर से जवाब दिया गया। महिला द्वारा साझा की गई जानकारी के मुताबिक, कंपनी ने संबंधित ड्राइवर का एकाउंट ब्लॉक करने की बात कही है। वहीं, पुलिस की ओर से भी महिला से घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी मांगी गई है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई किए जाने की बात कही है।

फिलहाल, महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और पुलिस जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी है। अब देखना होगा कि पुलिस की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X