Ayodhya News:वैश्विक पटल पर चमकी रामनगरी – Ramnagari Shines On The Global Stage
अयोध्या। रामनगरी का दीपोत्सव देश की सीमाओं से निकलकर वैश्विक पहचान बना रहा है। इसकी भव्यता और सांस्कृतिक छटा विदेशी पर्यटकों को भी आकर्षित कर रही है। इस बार अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, सिंगापुर, नीदरलैंड, श्रीलंका और नेपाल समेत कई देशों से पर्यटक दीपोत्सव देखने पहुंचे। राम की पैड़ी पर दीपों की जगमगाहट, मंदिरों की आकर्षक सजावट और रामायण के प्रसंगों को साकार होते देख विदेशी पर्यटक अभिभूत नजर आए।
विदेशी मेहमानों ने रामनगरी की धार्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को करीब से जाना। कोई दीपोत्सव की यादें कैमरे में कैद करता नजर आया तो किसी ने मिट्टी के दीयों में बाती लगाकर और उन्हें सजाकर आयोजन में भागीदारी की। उनकी सहभागिता ने दीपोत्सव के अंतरराष्ट्रीय स्वरूप को भी दर्शाया।
नीदरलैंड से पहली बार रामनगरी पहुंचे पर्यटक विस्ट्री और डेनी ने बताया कि यहां की धार्मिक परंपराओं को करीब से देखना सुखद अनुभव रहा। मिट्टी के दीयों में बाती लगाना और दीप सज्जा में शामिल होना उनके लिए खास रहा।
सोशल मीडिया पर देखी थी भव्यता, अब दोस्तों को दिखाएंगे तस्वीरें
दीपोत्सव की तस्वीरें और वीडियो अब तक सोशल मीडिया पर ही देखे थे, लेकिन यहां आकर इसकी भव्यता का वास्तविक अनुभव हुआ। इतनी बड़ी संख्या में लोगों को एक साथ दीप जलाते देखना अद्भुत है। यहां खूब तस्वीरें और वीडियो बनाए हैं। इन्हें अपने दोस्तों को दिखाऊंगा, जिससे वे भी दीपोत्सव की खूबसूरती देख सकें। – जेन, ऑस्ट्रेलिया
सजावट और लोगों की आस्था ने किया प्रभावित
रामनगरी की सजावट और लोगों की आस्था ने खासा प्रभावित किया। दीपोत्सव ने भारतीय संस्कृति की सुंदर झलक पेश की। यहां आकर धार्मिक परंपराओं और संस्कृति को करीब से समझने का अवसर मिला। – डॉन, सिंगापुर
शिकागो में सुनी महिमा, सरयू तट पर जलाए आस्था के दीये
अमेरिका के शिकागो से पहुंचे पॉल और उनकी दोस्त शेल्बे ने दीपोत्सव में शामिल होकर रामनगरी की संस्कृति और आस्था को करीब से महसूस किया। पॉल ने माता-पिता से अयोध्या की महिमा सुनी थी, जबकि शेल्बे दोस्तों की प्रशंसा से यहां आने के लिए प्रेरित हुईं। दोनों ने सरयू आरती में हिस्सा लिया और राम की पैड़ी पर स्थानीय लोगों के साथ दीप जलाए।
