आजमगढ़ के रौनापार थाना क्षेत्र के केशवपुर गांव के पास आजमगढ़-गोरखपुर मार्ग पर सोमवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाटघाट पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने किशोर को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
नहर के पास दोनों बाइकों में हुई भिड़ंत
जानकारी के अनुसार, दोहरीघाट थाना क्षेत्र के चिऊटीडाड़ गांव निवासी गोलू (15) पुत्र स्व. राजू अपने साथी करन कुमार (24) निवासी हरदौली के साथ बाइक से लाटघाट से दोहरीघाट की ओर जा रहा था। वहीं, दूसरी बाइक पर जीयनपुर थाना क्षेत्र के करमड़ी गांव निवासी मनीष सिंह (27) और लाटघाट के मोचीपुर निवासी सूर्यांशु चौरसिया (28) सवार होकर काखभार की तरफ से लाटघाट आ रहे थे।
सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे केशवपुर गांव के पास शारदा सहायक खंड-32 नहर के समीप दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में चारों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।