इंंदौर देश में दूसरा प्रदूषित शहर:मेयर बोले दीपावली की खुशियों को एक्यूआई से मत नापिए – Indore Is The Second Most Polluted City In The Country; Mayor Says, Do Not Measure The Joy Of Diwali By The Aq
इंदौर में दीपावली की रात शहरवासियों ने इतनी बड़ी मात्रा में पटाखे फोड़े कि हवा प्रदूषित हो गई। हालात ऐसे बने कि देश के दूसरे सबसे प्रदूषित शहरों में इंदौर दूसरे स्थान पर पहुंच गया। यह स्थिति निश्चित रूप से चिंता पैदा करने वाली है, लेकिन इंदौर के प्रथम नागरिक और महापौर पुष्यमित्र भार्गव का कहना है कि दीपावली की खुशियों को एक्यूआई से नहीं नापना चाहिए।
उन्होंने कहा कि इंदौरवासियों ने रविवार को पूरे उत्साह के साथ त्योहार मनाया और शहर फिर स्वच्छ हुआ है। हवा की गुणवत्ता को लेकर भी उन्होंने सकारात्मक बात कही। इस संबंध में उन्होंने एक वीडियो जारी किया।
वीडियो में महापौर ने कहा कि पर्यावरण की चिंता जरूर करनी चाहिए, लेकिन दीपावली की खुशियों की तुलना प्रदूषण के आंकड़ों से नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दीपावली पर पटाखे फोड़ने से यदि एक दिन एक्यूआई बढ़ गया तो इससे इंदौर की पहचान पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
इंदौर स्वच्छता के साथ एयर क्वालिटी इंडेक्स में भी पहले स्थान पर रहा है। दीपावली रोशनी और पटाखों का पर्व है। शहर का माहौल दीपावली के उत्सव और उत्साह को दर्शाता है। उन्होंने पर्यावरण को लेकर चिंता जताने वालों से भी पर्व को अलग नजरिए से नहीं देखने की बात कही। उनका कहना था कि इंदौर पहले भी नंबर वन था और आगे भी रहेगा।
हालांकि, प्रदूषण के आंकड़े कुछ और ही तस्वीर बयां कर रहे हैं। रविवार को इंदौर का एक्यूआई 1800 से अधिक पहुंच गया था। प्रदूषण के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई। सुबह उठने पर कई लोगों ने गले में खराश की शिकायत की। रविवार रात दृश्यता घटकर 50 मीटर से भी कम रह गई थी। सड़कों पर सामने से आने वाले वाहन भी ठीक से नजर नहीं आ रहे थे। ऐसे में प्रदूषण को लेकर महापौर की टिप्पणी चर्चा का विषय बन गई है।
