Shimla News:मंडी भराड़ी चौक पर सार्वजनिक शौचालय नहीं, यात्रियों को परेशानी – No Public Toilet At Mandi Bharadi Chowk
महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक दिक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर/भराड़ी। कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर स्थित मंडी भराड़ी चौक पर सार्वजनिक शौचालय की सुविधा नहीं होने से यात्रियों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चौक पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग बसों का इंतजार करते हैं और यहां से आवागमन भी करते हैं। शौचालय की व्यवस्था न होने के कारण लोगों को दिक्कत झेलनी पड़ती है। विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के लिए यह समस्या अधिक परेशानी का कारण बन रही है।
मंडी भराड़ी चौक क्षेत्र का एक व्यस्त स्थान है। यहां से रोजाना कई बसें गुजरती हैं और यात्री अपने गंतव्य तक जाने के लिए बसों का इंतजार करते हैं। लंबे समय तक चौक पर रुकने वाले यात्रियों को आसपास शौचालय की कोई सार्वजनिक सुविधा नहीं मिलती। स्थानीय लोगों का कहना है कि चौक पर यात्रियों की आवाजाही को देखते हुए सार्वजनिक शौचालय की सुविधा होना जरूरी है। खासकर महिलाओं को इस समस्या के कारण अधिक असुविधा होती है। वहीं, बुजुर्गों और बच्चों के साथ सफर करने वाले परिवारों को भी परेशानी उठानी पड़ती है। एक ओर सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाए जाते हैं। दूसरी ओर इतने व्यस्त चौक पर शौचालय जैसी बुनियादी सुविधा का अभाव है। लोगों का कहना है कि संबंधित विभाग को इस ओर ध्यान देकर यात्रियों की सुविधा के लिए जल्द शौचालय का निर्माण करवाना चाहिए। एसडीएम सदर राज कुमार ने बताया कि मंडी भराड़ी चौक पर सार्वजनिक शौचालय बनाने के लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। जल्द ही यहां सार्वजनिक शौचालय का निर्माण करवाया जाएगा।
