रेलवे का बड़ा फैसला:बेंगलुरु से जयपुर के बीच चलेंगी दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनें, आबूरोड को भी मिलेगा लाभ – Two Pairs Of Special Trains Will Run Between Bengaluru Cantt And Khatipura
त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए बेंगलुरु कैंट और जयपुर के खातीपुरा स्टेशन के बीच दो जोड़ी स्पेशल रेलसेवाएं संचालित करने का निर्णय लिया है। नवंबर में अलग-अलग तारीखों पर चलने वाली इन ट्रेनों का आबूरोड सहित उत्तर पश्चिम रेलवे के कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव रहेगा। इससे दक्षिण भारत से राजस्थान आने-जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिल सकेगी।
नवंबर में इन तारीखों पर चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, पहली स्पेशल ट्रेन संख्या 06563 बेंगलुरु कैंट से 11 नवंबर को सुबह 6 बजे रवाना होगी और शुक्रवार को सुबह 11:10 बजे खातीपुरा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 06564 खातीपुरा से 19 नवंबर को दोपहर 12:25 बजे रवाना होकर शनिवार को सुबह 9 बजे बेंगलुरु कैंट पहुंचेगी। इसी प्रकार दूसरी स्पेशल ट्रेन संख्या 06583 बेंगलुरु कैंट से 13 नवंबर को सुबह 6 बजे रवाना होगी और रविवार को सुबह 11:10 बजे खातीपुरा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 06584 खातीपुरा से 22 नवंबर को दोपहर 12:25 बजे रवाना होकर मंगलवार को सुबह 9 बजे बेंगलुरु कैंट पहुंचेगी।
पढे़ं: सात साल की मासूम से दुष्कर्म के बाद सिर कुचलकर हत्या, दोनों आरोपी हिरासत में
आबूरोड सहित इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
दोनों स्पेशल रेलसेवाओं का ठहराव अपने निर्धारित मार्ग पर सर एम. विश्वेश्वरय्या टर्मिनल, चिक्कबाणावर, तुमकूर, अरसीकेरे, बीरूर, दावणगेरे, हावेरि, हुब्बल्लि, धारवाड़, बेलगावि, घटप्रभा, मिरज, सांगली, कराड, सतारा, पुणे, लोनावला, कल्याण, वसई रोड, सूरत, वडोदरा, साबरमती बीजी, आबूरोड, फालना, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़ और जयपुर स्टेशनों पर रहेगा।
पहली ट्रेन में 20 और दूसरी में 18 डिब्बे
पहली स्पेशल ट्रेन में कुल 20 डिब्बे होंगे। इनमें 4 थर्ड एसी, 6 शयनयान, 8 साधारण श्रेणी, एक पावरकार और एक गार्ड डिब्बा शामिल हैं। वहीं, दूसरी स्पेशल ट्रेन में कुल 18 डिब्बे होंगे। इनमें 2 थर्ड एसी इकोनॉमी, 6 शयनयान, 8 साधारण श्रेणी, एक पावरकार और एक गार्ड डिब्बा शामिल रहेगा। रेलवे के इस फैसले से त्योहारों के दौरान यात्रियों को आवागमन के लिए अतिरिक्त विकल्प मिल सकेगा।
