भारत के बाद पाकिस्तान में भी खराब वायु गुणवत्ता और स्मॉग के कारण अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच का वेन्यू बदलना पड़ा है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले को लाहौर से रावलपिंडी शिफ्ट करने का फैसला किया है। यह मैच 17 से 21 नवंबर तक गद्दाफी स्टेडियम में खेला जाना था, लेकिन अब इसका आयोजन पिंडी इंटरनेशनल स्टेडियम में होगा।
पीसीबी ने इस फैसले के पीछे ‘मौजूदा मौसमी परिस्थितियों’ को वजह बताया है। हालांकि, पिछले कुछ दिनों से लाहौर में छाए घने मौसमी स्मॉग और खराब वायु गुणवत्ता को इसकी बड़ी वजह माना जा रहा है। क्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक, 10 नवंबर को लाहौर दुनिया का सबसे खराब वायु गुणवत्ता वाला शहर था। पिछले एक सप्ताह में लाहौर और नई दिल्ली के बीच दुनिया की सबसे खराब हवा वाले शहर का स्थान बदलता रहा।