मोहाना थाना क्षेत्र के मुजहना गांव के पास बुधवार को लक्ष्मी मूर्ति विसर्जन के दौरान कूड़ा नदी में डूबने से दो युवक लापता हो गए। दोनों की तलाश में पुलिस स्थानीय गोताखोरों की मदद ले रही है। साथ ही एसडीआरएफ को भी बुलाया गया है। दोनों युवक अलग-अलग विद्यालयों में इंटरमीडिएट के छात्र हैं। घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, नदी तट पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही।
जानकारी के अनुसार, बेलटीकर गांव के टोला दयापुर में ग्रामीणों के सहयोग से लक्ष्मी की मूर्ति स्थापित कर पूजा-अर्चना की जा रही थी। बुधवार को चार दिवसीय पूजा के समापन के बाद ग्रामीण मूर्ति विसर्जन के लिए निकले थे। वे मुजहना गांव के पास कूड़ा नदी पहुंचे। विसर्जन के दौरान आदित्य (18) पुत्र लखीचंद और गौतम (19) भी वहां मौजूद थे।