शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Almora News:बग्वाई कौतिक का शुभारंभ, लोकगीतों पर झूमे दर्शक – ‘bagwai Kautik’ Begins; Audience Sways To Folk Songs
अल्मोड़ा

Almora News:बग्वाई कौतिक का शुभारंभ, लोकगीतों पर झूमे दर्शक – ‘bagwai Kautik’ Begins; Audience Sways To Folk Songs

November 12, 2026


'Bagwai Kautik' begins; audience sways to folk songs

बग्वाई कौतिक के शुभारंभ पर रंगारंग प्रस्तुति देते कलाकार। संवाद

द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। कुमाऊं की समृद्ध लोकसंस्कृति और ऐतिहासिक परंपराओं का प्रतीक बग्वालीपोखर का ऐतिहासिक बग्वाई कौतिक (बग्वाली मेला) मंगलवार को भव्य शुभारंभ हुआ। विधायक मदन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत सदस्य भूपाल भंडारी, चंद्रशेखर अधिकारी, युवा नेता आशुतोष शाही सहित जनप्रतिनिधियों और मेला समिति के पदाधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर मेले का शुभारंभ किया। इस दौरान पारंपरिक ओढ़ा भेंटने की रस्म भी निभाई गई।

बग्वालीपोखर की ऐतिहासिक परंपरा के अनुसार भंडरगांव के पधान परिवार की ओर से दीवान सिंह भंडारी और थोकदार परिवार की ओर से राजेंद्र सिंह भंडारी के नेतृत्व में ओढ़ा भेंटने की रस्म पूरी की गई। इस दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य रेनू भंडारी और ग्राम प्रधान लीला भंडारी भी मौजूद रहीं। इसके बाद मेला परिसर लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंज उठा। विधायक मदन सिंह बिष्ट ने कहा कि युवा इस पौराणिक मेले को नए प्रयोगों और रचनात्मक प्रयासों से और आकर्षक बना रहे हैं। जिला पंचायत सदस्य भूपाल भंडारी ने युवाओं के प्रयासों को अन्य क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणादायी बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मनोहर सिंह भंडारी ने बग्वालीपोखर के गौरवशाली इतिहास और मेले की सांस्कृतिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए इसके संरक्षण पर जोर दिया।

लोकगीतों और झोड़ा की प्रस्तुतियों ने बांधा समा

मेले में देवभूमि रंगमंच सांस्कृतिक समिति और रामगंगा सांस्कृतिक लोक कला समिति अल्मोड़ा के कलाकारों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। देवभूमि रंगमंच के कलाकारों ने ”तेरी रंगिल पिछौड़ा कमू”, ”हाई साजिल मुखैड़ी” और ”मार झपैका सुरम्याली कौतिक लै रौ” जैसे लोकगीतों और झोड़ा की प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, दीक्षा मॉन्टेशरी स्कूल और जीजीआईसी बग्वालीपोखर के छात्र-छात्राओं ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। लोक कलाकार प्रताप सिंह शाही (टाइगर) सहित अन्य गायकों ने अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को उल्लासमय बना दिया। मेले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। इस मौके पर मेला समिति अध्यक्ष सूबेदार मेजर हरी सिंह भंडारी, सचिव प्रमोद जोशी, सांस्कृतिक सचिव डॉ. दीपक मेहता, उपाध्यक्ष रमेश नेगी, बलवीर भंडारी, कोषाध्यक्ष विनोद अधिकारी, संयोजक संतोष बिष्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. संतोष सिंह बिष्ट और डॉ. दीपक मेहता ने संयुक्त रूप से किया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X