Azamgarh News:54 जोड़ी पहलवानों ने दिखाए दमखम, फाइनल बराबरी पर छूटा – 54 Pairs Of Wrestlers Displayed Their Strength, The Final Ended In A Draw
महराजगंज रोड स्थित बाबा गोपीदास की कुटी पर गोवर्धन पूजा के अवसर पर आयोजित पारंपरिक दंगल में पहलवानों ने जोर आजमाइश की। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न अखाड़ों के साथ गोरखपुर से आए पहलवानों सहित करीब 54 जोड़ी पहलवानों ने हिस्सा लिया। महिला और पुरुष पहलवानों के बीच हुए मुकाबलों में दर्शकों को रोमांचक कुश्तियां देखने को मिलीं।
दंगल में प्रीति, खुशबू, अनुप्रिया, साक्षी और सारिका समेत महिला पहलवानों ने भी अपने दमखम और कुश्ती कौशल का प्रदर्शन किया। बलई साधू, कदमघाट, स्टेडियम, बुढ़ऊ बाबा, मोजरापुर, मठिया, भुअर, आजमपुर चकिया और गोरखपुर के पहलवानों के बीच कई मुकाबले हुए।
महिला पहलवानों की कुछ कुश्तियां बराबरी पर छूटीं। विजेता पहलवानों को 1100 रुपये नकद और वस्त्र देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता का सबसे रोमांचक मुकाबला फाइनल में गोरखपुर के राममनोहर और नीबी के सूर्यप्रकाश के बीच हुआ।
दोनों ने एक-दूसरे को पटखनी देने के लिए कई दांव आजमाए, लेकिन कड़े संघर्ष के बावजूद कोई भी पहलवान बाजी नहीं मार सका। मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ। दोनों पहलवानों को संयुक्त रूप से 6500 रुपये नकद और वस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
मुकाबलों में सुरेश पहलवान ने रेफरी की भूमिका निभाई। आयोजन में गोमती यादव, रामअवध यादव, जोखन सोनकर, बबलू सोनकर, बिट्टू शुक्ला, राजेश सोनकर, दुलारे राम, अनोज गुप्ता, बजरंगी जायसवाल, सतीश सोनकर और पवन बारी ने सहयोग किया। दंगल के समापन पर भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
