शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
छठ पर्व:महापर्व का सामान हुआ महंगा तो कैसे-क्या कर रहे छठव्रती? बिहार में बाजार का हाल देखें – Market Price Hike Impact On Chhath Puja 2026 Bihar News
गया

छठ पर्व:महापर्व का सामान हुआ महंगा तो कैसे-क्या कर रहे छठव्रती? बिहार में बाजार का हाल देखें – Market Price Hike Impact On Chhath Puja 2026 Bihar News

November 12, 2026


market price hike impact on chhath puja 2026 bihar news

छठ पर्व की खरीदारी करती छठव्रती व अन्य

विस्तार

लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियों के बीच इस बार महंगाई भी चर्चा का विषय बनी हुई है। घी, गुड़, गेहूं, मैदा और पूजा में इस्तेमाल होने वाली दूसरी जरूरी चीजों की बढ़ती कीमतों ने आम परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है। कोई सामान की मात्रा कम कर रहा है तो कोई बढ़ते खर्च के बावजूद पूजा की परंपरा में कटौती करने को तैयार नहीं है। बाजार में भी खरीदारी का तरीका बदलता दिख रहा है।

किसी ने घटाया बजट, किसी ने बढ़ाया खर्च

छठ पूजा की तैयारी कर रहे मनोज कुमार बताते हैं कि इस बार महंगाई अपने चरम पर है। खासकर मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए पूजा की सामग्री जुटाना चुनौती बन गया है। पिछले साल की तुलना में इस बार जरूरी सामानों की कीमतें बढ़ी हैं। ऐसे में उन्हें पूजा की खरीदारी में कुछ सामानों की मात्रा कम करनी पड़ रही है। उनका कहना है कि सरकार को भी महंगाई पर ध्यान देना चाहिए, ताकि आम लोगों को त्योहार के समय राहत मिल सके। वहीं संजय कुमार का कहना है कि महंगाई कितनी भी बढ़ जाए, सूर्य भगवान और छठी मैया की पूजा में कोई कमी नहीं होगी। पिछले साल छठ पूजा में करीब 70 हजार रुपये खर्च हुए थे। इस बार खर्च में लगभग 30 प्रतिशत बढ़ोतरी का अनुमान है। इसके बावजूद न तो पूजा के सामान में कटौती होगी और न ही परंपरा में कोई बदलाव किया जाएगा। उनके लिए छठ की आस्था और परंपरा सबसे ऊपर है।

महंगाई के बावजूद पूजा में नहीं आएगी कमी

छठव्रती शोभा देवी बताती हैं कि उन्होंने पूजा के लिए जरूरी सामानों की खरीदारी शुरू कर दी है। मीठा, चावल, गेहूं और अन्य सभी सामग्री खरीदी जा रही है। महंगाई जरूर है, लेकिन सूर्य भगवान की कृपा से पूजा में कोई कमी नहीं की जाएगी। उनका कहना है कि सस्ता सामान तलाशने के बजाय जितना जरूरी है, उतना सामान खरीदकर पूरे विधि-विधान से पूजा करेंगी। प्रसाद की मिठास और आस्था दोनों बरकरार रहेंगे।

दुकानदारों को भी कम बिक्री की चिंता

महंगाई का असर अब बाजार में भी दिखाई देने लगा है। दुकानदार दुर्गा प्रसाद बताते हैं कि छठ पूजा के लिए मैदा, गुड़, नारियल और पूजा से जुड़ी तमाम सामग्री दुकान में उपलब्ध कराई गई है। पिछले साल की तुलना में इस बार सामानों की कीमतों में करीब 25 से 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। इसका असर ग्राहकों की खरीदारी पर पड़ रहा है।उनके मुताबिक पहले जो ग्राहक पांच से दस किलो सामान खरीदते थे, वे अब दो से चार किलो में ही काम चला रहे हैं। सामान की कीमत सुनकर कई ग्राहक घबरा भी जाते हैं। पहले जहां एक दिन में सौ से अधिक ग्राहक खरीदारी के लिए पहुंचते थे, इस बार उनकी संख्या कम नजर आ रही है। कुल मिलाकर महंगाई ने छठ की खरीदारी का गणित जरूर बदल दिया है, लेकिन लोगों की आस्था पर इसका असर पड़ता नहीं दिख रहा। कोई बजट संभाल रहा है तो कोई बढ़ते खर्च के बावजूद छठ की परंपरा पूरी श्रद्धा से निभाने की तैयारी में है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X