बिहार:तेज रफ्तार पिकअप ने महिला को कुचला, ग्रामीणों से घिरा चालक बागमती नदी में कूदा – Muzaffarpur Bihar News :women Died Road Accident Pickup Van Driver Abandoned With Vehicle Jump In River
मुजफ्फरपुर जिले के बेनीबाद थाना क्षेत्र के केवटसा में एनएच-27 पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। सड़क पार कर रही एक महिला को अनियंत्रित पिकअप वैन ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने पिकअप चालक का पीछा किया। ग्रामीणों से घिरता देख आरोपी चालक वाहन छोड़कर बागमती नदी में कूद गया और मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
घटना जिले के गायघाट प्रखंड अंतर्गत बेनीबाद थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह करीब आठ बजे की है। इस दर्दनाक सड़क हादसे में 43 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे की खबर मिलते ही मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान केवटसा गांव निवासी फकीरा पासवान की 43 वर्षीय पत्नी पुनीता देवी के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि गुरुवार सुबह पुनीता देवी शौच के लिए घर से निकली थीं। इसी दौरान केवटसा के पास एनएच-27 पर एक अनियंत्रित पिकअप वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना गंभीर था कि पुनीता देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
इस घटना के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर मौके से भागने लगा। हालांकि, स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया और बेनीबाद ओपी के खादी भंडार के पास उसे पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि पकड़े जाने के डर से चालक वाहन छोड़कर पास स्थित बागमती नदी में कूद गया और वहां से फरार हो गया।
ये भी पढ़ें- बिहार: स्वच्छता में पटना नगर निगम की हैट्रिक, राष्ट्रपति ने दिया स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी पुरस्कार
हादसे की सूचना मिलते ही बेनीबाद थाना की पुलिस गश्ती टीम के पदाधिकारी राजीव कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुजफ्फरपुर स्थित एसकेएमसीएच मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन को जब्त कर थाने पहुंचा दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

सड़क हादसा चालक फरार

सड़क हादसा चालक फरार

सड़क हादसा चालक फरार
