शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
रुड़की

Roorkee News:पेड़ चोरी के मामले में कार्रवाई न होने पर सभासद नाराज – Councilors Angry Over Lack Of Action In Tree Theft Case

November 13, 2026


नगर के बसेड़ी मार्ग स्थित श्मशान घाट में खड़े यूकेलिप्टस के सात पेड़ काटकर लकड़ी चोरी कर लिए जाने के मामले में एक माह से अधिक का समय बीतने के बाद भी कार्रवाई नहीं हो सकी है। इसे लेकर सभासदों ने नाराजगी जाहिर की है। सभासदों की शिकायत पर नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी ने इस बाबत पुलिस और वन विभाग को कार्रवाई के लिए पत्र भेजा था।

नगर के वार्ड संख्या-7 में मेन बाजार से बसेड़ी की ओर जाने वाले मार्ग पर श्मशान घाट बना है। एक माह पूर्व यहां श्मशान घाट में खड़े 7 विशाल यूकेलिप्टस के पेड़ रातोंरात काटकर लकड़ी चोरी कर ली गई थी। जानकारी पर पहुंचे सभासदों ने मामले की जांच कराकर पेड़ काटने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।

सभासद विकास खटाना, सचिन मित्तल, अरविंद कल्याणी, नीलम देवी, पूजा, पंकज की ओर से पेड़ चोरी किए जाने के संबंध में अधिशासी अधिकारी को शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की गई थी। इस पर 12 अक्तूबर को ईओ ने वन क्षेत्राधिकारी और कोतवाली पुलिस को कार्रवाई के लिए पत्र भेजा था।

एक माह का समय बीतने के बाद भी मामले में कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। सभासदों ने इसपर नाराजगी जताते हुए कहा कि नगर पालिका की भूमि पर खड़े पेड़ चोरी होने के मामले में अब तक कोई जांच और कार्रवाई नहीं हुई है। उच्चाधिकारियों से मिलकर कार्रवाई की मांग की जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X