छठ पर जिस गंगा में खड़े होकर व्रती महिलाएं भगवान सूर्य को अर्घ्य देंगी, उसी गंगा में रोजाना करीब 50 एमएलडी सीवर पहुंच रहा है। लोक आस्था के महापर्व से पहले घाटों की सफाई और तैयारियों के दावों के बीच लाल घाट और गोला घाट पर सीधे गंगा में सीवर गिर रहा है।
जल निगम की गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई के अनुसार, शहर में आठ एसटीपी के जरिये 475 एमएलडी सीवर का शोधन हो रहा है, जबकि करीब 50 एमएलडी सीवर अब भी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से गंगा में पहुंच रहा है। एनजीटी की रिपोर्ट के मुताबिक, गंगा और वरुणा में गिरने वाले 76 नालों में से 31 अब तक पूरी तरह टैप नहीं किए जा सके हैं।
लाल घाट पर मैनहोल की सफाई के दौरान निकलने वाली गंदगी गंगा में डाली जा रही है। इसी तरह गोला घाट पर भी सीवर सीधे नदी में गिर रहा है। इसके अलावा घाट किनारे बने व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स और होटलों का सीवर भी चोरी-छिपे गंगा में छोड़ा जा रहा है। नदियों के साथ ही दूसरे नालों के जरिये भी गंगा में गंदगी पहुंच रही है। रामनगर के घुरहा नाले से भी सीवर नदी में जा रहा है।
वरुणा के जरिये गंगा में पहुंचने वाले सीवर को रोकने के लिए 201 करोड़ रुपये की लागत से वरुणा कॉरिडोर बनाया गया था। इसके तहत सात किलोमीटर क्षेत्र को हराभरा करने के साथ दोनों किनारों पर सीवर की पाइपलाइन बिछाई गई। इन्हें गोइठहां एसटीपी से जोड़ा गया, ताकि सीवर सीधे वरुणा के रास्ते गंगा में न पहुंचे। लेकिन जगह-जगह पाइपलाइन टूटने और चैंबर क्षतिग्रस्त होने से व्यवस्था बेपटरी हो गई है। कई स्थानों पर पाइपलाइन की मरम्मत नहीं होने से सीवर ओवरफ्लो होकर वरुणा में गिर रहा है।