चाय-ब्रेड से नाश्ता, थाली में सलाद-अंडा नदारद:एसटीएच में मरीजों की सेहत से खिलवाड़, महीनों से जारी मनमानी – Nutrition Is Not Reaching The Plates Of Patients In Sushila Tiwari Hospital Haldwani
मरीजों की सेहत सुधारने के लिए अस्पताल में पौष्टिक आहार का मेन्यू तो तय है लेकिन हकीकत में मरीजों की थाली तक पोषण पहुंच ही नहीं पा रहा है। सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती मरीजों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार नाश्ता और भोजन देने के दावे हकीकत से कोसों दूर हैं। सुबह के नाश्ते से अंडा गायब है तो दोपहर और रात के भोजन में सलाद नदारद। चाय और ब्रेड के सहारे नाश्ते की औपचारिकता पूरी की जा रही है। हैरानी की बात यह है कि यह मनमानी एक-दो दिन से नहीं, बल्कि कई महीनों से जारी है। डायटीशियन की आपत्ति और शिकायतों के बावजूद व्यवस्था नहीं सुधरी। ऐसे में मरीजों के पोषण और भोजन की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
बृहस्पतिवार को संवाद न्यूज एजेंसी के प्रतिनिधि ने मरीजों से बात की तो उन्होंने अस्पताल की भोजन व्यवस्था की पोल खोलकर सामने रख दी। मरीजों का कहना था कि अस्पताल में उनकी जरूरत के मुताबिक भोजन का मेन्यू निर्धारित होता है। सुबह के नाश्ते में चाय, चार ब्रेड और अंडा मिलना चाहिए जबकि दोपहर व रात में पोषणयुक्त भोजन लेकिन यहां मेन्यू को नजरअंदाज किया जा रहा है। मेन्यू में शामिल कई खाद्य पदार्थ उन्हें नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि हर दिन का मेन्यू अलग-अलग होता है और रोजाना थाली से कुछ न कुछ गायब रहता है।
क्यों जरूरी है अंडा और सलाद
चिकित्सकों के मुताबिक, बीमार व्यक्ति को कुपोषण से बचाने या ऑर्थो से पीड़ित मरीजों के लिए अंडे का सेवन जरूरी होता है। भर्ती मरीजों को उनकी बीमारी को देखते हुए संतुलित और पौष्टिक आहार की जरूरत होती है। इसीलिए मरीजों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए रोजाना का अलग-अलग मेन्यू तैयार किया जाता है।
डायटीशियन की आपत्ति के बाद भी नहीं सुधरी व्यवस्था
भर्ती मरीजों को मिलने वाले भोजन की मॉनिटरिंग के लिए अस्पताल में डायटीशियन तैनात है। डायटीशियन का काम हर रोज मैस में जाकर भोजन की गुणवत्ता को जांचना और मेन्यू के मुताबिक मरीजों को भोजन उपलब्ध कराना होता है। कुछ समय पहले मरीजों ने डायटीशियन से अंडा और सलाद आदि न मिलने की शिकायत की थी। इसके बाद डायटीशियन ने भी इस पर आपत्ति जताते हुए व्यवस्था में सुधार कराने को कहा था लेकिन आज तक थाली से पोषणयुक्त पदार्थों के गायब होने की स्थिति में सुधार नहीं हुआ है।
चार सौ से अधिक मरीज हैं भर्ती, भोजन व्यवस्था ठेके पर
सुशीला तिवारी अस्पताल के विभिन्न वार्डों में लगभग चार सौ मरीज भर्ती हैं। उन्हें नाश्ता और भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था लंबे समय से ठेके पर चल रही है। ठेके की इस व्यवस्था में ठेकेदार और उसके कर्मचारियों की मनमानी चल रही है। इसके बावजूद उनके खिलाफ अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
74 रुपये प्रति डायट है फिक्स रेट
मेडिकल कॉलेज के परिसंपत्ति विभाग के मनोज चौधरी ने बताया कि एसटीएच में मैस का टेंडर नहीं होता है। यहां डायट के हिसाब से ठेकेदार को भुगतान किया जाता है। अभी 74 रुपये प्रति डायट के हिसाब से भुगतान होता है। मरीजों की संख्या घटती-बढ़ती रहती है। जितनी डायट होंगी उनका ही भुगतान ठेकेदार को होगा।
सप्ताहभर का मेन्यू
सोमवार –
– लंच: लौकी की सब्जी, मिक्स दाल, चावल, रोटी, सलाद, दही
– डिनर: आलू बीन की सब्जी, मूंग दाल, चावल, रोटी, सलाद
मंगलवार –
– लंच: मिक्स वेज, रोटी, चावल, सलाद, दही, मूंगदाल छिलका
– डिनर : कद्दू, मलका की दाल, रोटी, चावल, सलाद
बुधवार –
– लंच : सफेद चना (छोले), पालक, रोटी, चावल, सलाद, दही
– डिनर : बैंगन, मूंगदाल धुली, चावल, चपाती, सलाद
बृहस्पतिवार –
– लंच: कड़ी पकौड़ा, मेथी-आलू, रोटी, चावल, सलाद, दही
– डिनर: आलू बीन की सब्जी, अरहर दाल, चावल, रोटी, सलाद
शुक्रवार –
– लंच : राजमा, झोली, चावल, रोटी, सलाद, दही
– डिनर : न्यूट्रीला-आलू की सब्जी, मूंगदाल, चावल, रोटी, सलाद
शनिवार –
– लंच: काले चने, पालक, चावल, रोटी, सलाद, दही
– डिनर: आलू-मटर-टमाटर, मूंगदाल, चावल, रोटी, सलाद
रविवार –
– लंच: मिक्स वेज, रोटी, चावल, सलाद, दही
– डिनर: बैंगन, मलका दाल, चपाती, चावल, सलाद
नोट : एसटीएच में रोजाना नाश्ते में अंडा, ब्रेड के चार पीस, एक कप चाय और दलिया दिया जाता है जबकि शाम के समय चाय और बिस्किट दिए जाते हैं।
भर्ती मरीजों ने क्या कहा-
ऑर्थो विभाग में सात महीने से भर्ती हूं। सुबह चाय ब्रेड, दिन में दाल रोटी और चावल मिलता है। अंडा नहीं मिलता है। -गोपाल दत्त जोशी, निवासी अल्मोड़ा
मेरी मां बीते तीन दिनों से अस्पताल के जनरल मेडिसिन विभाग में भर्ती हैं। नाश्ते में चाय और ब्रेड ही मिली। अंडा नहीं दिया गया। – कृपाल, तीमारदार रुद्रपुर
26 अक्तूबर को मेरी मां भर्ती हुई थी। नाश्ता और खाना बाहर से ही लाता हूं। न अंडा मिलता है और ना ही सलाद आदि। -गोविंद तीमारदार निवासी चौखुटिया
सर्जरी विभाग में पांच दिन से भर्ती हूं। अभी तक तो सुबह नाश्ते में एक दिन भी अंडा नहीं मिला है। सलाद भी नहीं परोसा गया है। -डेनियल निवासी भवाली
अधिकारी बोले
मरीजों को मेन्यू के अनुसार नाश्ता और भोजन मिलना चाहिए। मेन्यू का पालन नहीं किया जा रहा है। यह जानकारी मिलने पर मैंने मैस के कर्मचारियों को मेन्यू के मुताबिक नाश्ता और भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मेन्यू मैस में चस्पा भी किया गया है।
-आशा सिंह, डायटीशियन, एसटीएच
मुझे डायटीशियन की ओर से भी पत्र प्राप्त हुआ है। इस संबंध में नर्सिंग अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि वह मरीजों के भोजन के मेन्यू को जांचें और रिपोर्ट दें। -प्रो. डॉ. अरुण जोशी, चिकित्सा अधीक्षक एसटीएच
