Muzaffarnagar News:संस्कृत बोर्ड परीक्षा की समय सारिणी जारी, नौ फरवरी से शुरू होंगी परीक्षाएं – Sanskrit Board Examination Timetable Released; Exams To Begin On February 9
मुजफ्फरनगर। यूपी बोर्ड की परीक्षाओं के साथ संस्कृत बोर्ड परीक्षा की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद ने वर्ष 2027 की परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। परीक्षाएं नौ फरवरी से शुरू होकर 19 फरवरी तक चलेंगी। कार्यक्रम जारी होने के बाद जिले में परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की तैयारी भी शुरू कर दी गई है।
डीआईओएस हरिकेश यादव ने बताया कि जिले में तीन संस्कृत विद्यालय संचालित हैं। इनमें मोरना स्थित श्रीशुकदेव संस्कृत माध्यमिक विद्यालय और श्री गुरुदत्त ब्रह्मचारी माध्यमिक संस्कृत विद्यालय तथा खतौली स्थित श्रीशिव संस्कृत विद्यालय शामिल हैं।
तीनों विद्यालयों में पंजीकृत परीक्षार्थियों की संख्या के आधार पर परीक्षा केंद्रों का निर्धारण किया जाएगा। बोर्ड की ओर से परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे समेत निर्धारित मानकों को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार परीक्षाएं दो पालियों में होंगी। पहली पाली सुबह 8:30 से 11:45 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर दो से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। नौ फरवरी को सभी स्तरों और वर्गों के विद्यार्थियों की अनिवार्य संस्कृत विषय की परीक्षा होगी।
