अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) की भूमि संपत्तियों को अतिक्रमण से बचाने के लिए एएमयू एलुम्नी फ्रेटरनिटी ने छात्रसंघ से हस्तक्षेप की मांग की है। 10 नवंबर को छात्रसंघ पदाधिकारियों को भेजे ज्ञापन में संगठन ने भूमि प्रबंधन में कथित लापरवाही और लंबित शिकायतों की स्वतंत्र जांच कराने की मांग उठाई है।
ज्ञापन में भूमि एवं संपत्ति विभाग के एमआईसी प्रो. मोहम्मद आसिफ को जांच पूरी होने तक पद से कार्यमुक्त करने की मांग की गई है। संगठन का आरोप है कि पिछले दो वर्षों में एएमयू प्रशासन को भूमि संबंधी कई शिकायतें और प्रत्यावेदन दिए गए, लेकिन किसी का जवाब नहीं मिला।
ज्ञापन में जिला प्रशासन के साथ संयुक्त राजस्व सत्यापन, खाली जमीनों के उपयोग और दुकानों व पट्टे पर दी गई संपत्तियों के वित्तीय एवं प्रशासनिक ऑडिट की मांग भी शामिल है। संगठन ने छात्रसंघ से कुलपति को आधिकारिक ज्ञापन सौंपकर 15 दिन में लिखित जवाब और 90 दिन में कार्रवाई की रिपोर्ट मांगने की अपील की है।