नंदा गौरा योजना :फर्जीवाड़े में चार आवेदकों के खिलाफ पुलिस को तहरीर – Nanda Gaura Yojana: Police Complaint Filed Against Four Applicants For Fraud
आय प्रमाणपत्रों में छेड़छाड़ कर कूटरचना के मामले में विभाग ने शुरू की कार्रवाई
नंदा गौरा योजना के तहत किए गए आवेदनों में आय प्रमाणपत्रों में कूटरचना के मामले में विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। तहसील प्रशासन से प्रमाणपत्रों के सत्यापन के दौरान प्रारंभिक जांच में फर्जीवाड़ा सामने आने पर विभाग की ओर से चार आवेदकों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई है। अन्य आवेदकों के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज कराने की तैयारी है।
बाल विकास विभाग की ओर से बालिकाओं के जन्म पर 11 हजार और इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण करने पर नंदा गौरा योजना के तहत मिलने वाली 51 हजार की अनुदान राशि के लिए विभाग को मिले आवेदनों में फर्जीवाड़ा पकड़ में आया था। इसके बाद विभाग की ओर से सभी ब्लाॅक में सत्यापन के आदेश दिए गए थे।
लक्सर तहसील क्षेत्र में 28 आवेदनों के साथ संलग्न आय प्रमाणपत्रों में गड़बड़ी मिली है। विभाग ने तहसील प्रशासन से प्रमाणपत्रों का सत्यापन कराया। प्रारंभिक जांच में इनमें लक्सर ब्लाॅक में 4 आवेदनों के साथ संलग्न आय प्रमाणपत्रों में कूटरचना कर छह हजार मासिक आय को घटाकर 5 हजार या इससे भी कम किए जाने की बात सामने आई। इस पर जिला परियोजना अधिकारी की ओर से मामले में कार्रवाई के आदेश दिए गए थे। इसके बाद सीडीपीओ सुधा त्रिपाठी की ओर से मामले में चार आवेदकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी गई है। चारों व्यक्ति लक्सर ब्लाॅक के अलग-अलग गांवों के रहने वाले हैं। सीडीपीओ सुधा त्रिपाठी ने बताया कि उच्चाधिकारियों के आदेशानुसार कार्रवाई की जा रही है।
