दांतों में कैप लगवाने वाले सावधान! ₹5 के सिक्के से बन रहे थे नकली क्राउन; 350 शिकायतों के बाद सरकार ने बदले नियम
November 13, 2026
मुंह के अंदर नमी और केमिकल गतिविधियों के संपर्क में आने से ऐसे मेटल में बदलाव हो सकता है. इससे धातु के कण लार और मसूड़ों के टिश्यू तक पहुंच सकते हैं. मरीज को एलर्जी, सूजन और जलन जैसी समस्याएं हो सकती हैं. गलत तरीके से तैयार किया गया क्राउन जल्दी टूट सकता है और असली दांत को भी नुकसान पहुंचा सकता है.
डेंटिस्ट और डेंटल टेक्नीशियन के लिए सरकार ने कौन से नए नियम लागू किए हैं?
महाराष्ट्र सरकार की नई गाइडलाइंस में डेंटिस्ट और डेंटल टेक्नीशियन की जिम्मेदारियां अलग कर दी गई हैं. अब मरीज की जांच और इलाज का प्लान तैयार करने की जिम्मेदारी डेंटिस्ट की होगी. टेक्नीशियन केवल डेंटिस्ट के निर्देश पर क्राउन, ब्रिज और नकली दांत तैयार कर सकेंगे.
मंत्री हसन मुश्रीफ ने स्पष्ट किया है कि टेक्नीशियन खुद मरीज की जांच या क्लिनिकल इलाज नहीं कर सकते. इसके अलावा डेंटल क्राउन, ब्रिज, डेंचर और इम्प्लांट तैयार करने के लिए डेंटिस्ट का लिखित या इलेक्ट्रॉनिक प्रिस्क्रिप्शन जरूरी होगा.
इस प्रिस्क्रिप्शन में डेंटिस्ट का नाम, रजिस्ट्रेशन नंबर, मरीज का रेफरेंस नंबर और इस्तेमाल होने वाले मटेरियल की तकनीकी जानकारी दर्ज करनी होगी. सरकार ने नेशनल डेंटल कमीशन के 13 अक्टूबर 2026 के निर्देशों को भी नई गाइडलाइंस में शामिल किया है. इसके तहत मान्यता प्राप्त डिग्री और स्टेट डेंटल काउंसिल में वैध रजिस्ट्रेशन वाले टेक्नीशियन ही लैब का काम कर सकेंगे.
घटिया डेंटल मटेरियल रोकने के लिए एफडीए कैसे करेगा जांच?
मेडिकल डिवाइसेस रूल्स 2017 के तहत डेंटल मटेरियल बनाने वाली कंपनियों के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा. कंपनियों को कैटेगरी ए, बी, सी या डी के हिसाब से लाइसेंस लेना पड़ेगा. वहीं डीलर्स और डिस्ट्रीब्यूटर्स को फॉर्म एमडी-41 के जरिए आवेदन करना होगा. इसके बाद उन्हें फॉर्म एमडी-42 का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट लेना होगा.
डॉ. पल्लवी सापले के मुताबिक डेंटिस्ट को केवल लाइसेंस प्राप्त कंपनियों और रजिस्टर्ड विक्रेताओं से ही सामान खरीदना होगा. मरीज के रिकॉर्ड में इस्तेमाल किए गए मटेरियल का बैच नंबर और सप्लायर की जानकारी भी दर्ज करनी होगी. डॉ. सापले ने कहा, ‘अगर कोई प्रोडक्ट खराब निकलता है या मरीज को रिएक्शन होता है तो उसके सोर्स का पता लगाकर उसे तुरंत वापस मंगाया जा सकेगा.’
नई व्यवस्था के तहत डेंटल लैब को कच्चे माल, क्वालिटी चेक, स्टरलाइजेशन और शिकायतों का रिकॉर्ड रखना होगा. किसी गंभीर रिएक्शन की जानकारी इंडियन फार्माकोपिया कमीशन और एफडीए को देनी होगी. एफडीए के ड्रग इंस्पेक्टर ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट 1940 के तहत डेंटल लैब और दुकानों से सैंपल लेकर जांच कर सकेंगे. बिना लाइसेंस नकली या मिलावटी सामान बेचने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
” isDesktop=”true” id=”10984962″ >
डेंटल क्राउन या कैप लगवाते समय मरीज किन बातों का ध्यान रखें?
डेंटल क्राउन लगवाने से पहले मरीजों को कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए. सबसे पहले यह सुनिश्चित करें कि इलाज किसी रजिस्टर्ड डेंटिस्ट से ही कराया जा रहा है. डेंटल लैब या टेक्नीशियन के बजाय डेंटिस्ट से ही दांतों की जांच और इलाज करवाएं.
क्राउन या कैप बनवाते समय डेंटिस्ट से इस्तेमाल होने वाले मटेरियल की जानकारी जरूर लें. यह भी पूछें कि मटेरियल किसी लाइसेंस प्राप्त कंपनी से खरीदा गया है या नहीं. केवल सस्ता होने के कारण किसी क्राउन या कैप को चुनने से बचें.
मरीज डेंटिस्ट से इस्तेमाल किए गए मटेरियल का नाम और उसकी जानकारी अपने मेडिकल रिकॉर्ड में दर्ज करने के लिए कह सकते हैं. क्राउन लगाने के बाद अगर मसूड़ों में सूजन, जलन, दर्द या एलर्जी जैसी परेशानी होती है तो इसे नजरअंदाज न करें. तुरंत डेंटिस्ट से संपर्क करें.
पुराना क्राउन टूटने या ढीला होने पर खुद से उसे ठीक कराने की कोशिश न करें. उसकी जांच किसी योग्य डेंटिस्ट से ही करवाएं. इलाज से जुड़े बिल और प्रिस्क्रिप्शन भी संभालकर रखें. इससे मटेरियल या इलाज को लेकर शिकायत होने पर जानकारी जुटाने में मदद मिल सकती है.
