शनिवार, 14 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
क्‍या है वो मेल हार्मोन ज‍िसके कम होते ही कैंसर से हो सकती है मौत, 26,000 मर्दों पर हुई स्‍टडी में आए चौंकाने वाला खुलासा
नॉलेज

क्‍या है वो मेल हार्मोन ज‍िसके कम होते ही कैंसर से हो सकती है मौत, 26,000 मर्दों पर हुई स्‍टडी में आए चौंकाने वाला खुलासा

November 14, 2026


टेस्‍टोस्‍टेरोन- ये वही हार्मोन है जो पुरुषों में मूंछ-दाढ़ी, गहरी आवाज, मांसपेशियां और शरीर के बाल बढ़ाने के ल‍िए ज‍िम्‍मेदार होता है. हड्ड‍ियों की मजबूती से लेकर कामेच्‍छा तक, मर्दों के ल‍िए यही हार्मोन सारे काम करता है. पर एक नई र‍िसर्च का दावा है कि लो-टेस्टोस्टेरोन पुरुषों में कैंसर की जानलेवा कड़ी साबित हो सकता है. ‘लैंसेट हेल्दी लॉन्जेविटी’ जर्नल में छपी ये स्‍टडी बताती है कि जिन पुरुषों में यह जरूरी सेक्स हार्मोन बहुत कम होता है, उनमें कैंसर होने और उससे मरने का खतरा ज्यादा होता है. इस स्‍टडी में ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका और यूरोप के 26 हजार से ज्यादा पुरुषों के लंबे समय के डेटा की जांच और उसे एनालाइज क‍िया गया है.

यूनिवर्सिटी ऑफ वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के वरिष्ठ लेखक और एंडोक्रिनोलॉजिस्ट बु येप बताते हैं, ‘हमने देखा कि अगर किसी पुरुष का टेस्टोस्टेरोन स्तर सबसे निचले पांचवें हिस्से में था (सबसे ऊपरी पांचवें हिस्से की तुलना में), तो बाद में कैंसर से मरने का खतरा ज्यादा था. उम्र और दूसरी स्वास्थ्य संबंधी चीजों को ध्यान में रखने के बाद भी यह खतरा बना रहा.’ खास बात यह है कि सबसे कम टेस्टोस्टेरोन वाले पुरुषों में किसी भी कैंसर से मरने का रिलेटिव रिस्क 18 प्रतिशत ज्यादा था.

तीन और हार्मोन्‍स का कनेक्‍शन कैंसर से
सिर्फ टेस्टोस्टेरोन ही नहीं, तीन और हार्मोन भी कैंसर से जुड़े पाए गए. सबसे कम डायहाइड्रोटेस्टोस्टेरोन (DHT) वाले पुरुषों में कैंसर से मौत का खतरा 21 प्रतिशत ज्यादा था. DHT टेस्टोस्टेरोन से बनने वाला एक ताकतवर हार्मोन है. इसके अलावा, सबसे कम सेक्स हॉर्मोन-बाइंडिंग ग्लोब्युलिन (SHBG) वाले पुरुषों में प्रोस्टेट कैंसर का खतरा 28 प्रतिशत ज्यादा था. और सबसे कम ल्यूटिनाइजिंग हॉर्मोन वाले पुरुषों में यह खतरा 45 प्रतिशत तक ज्यादा था.

SHBG खून में टेस्टोस्टेरोन को ले जाने का काम करता है और तय करता है कि कितना ‘फ्री’ टेस्टोस्टेरोन उपलब्ध है. ल्यूटिनाइजिंग हॉर्मोन दिमाग की पिट्यूटरी ग्रंथि से बनता है और टेस्टोस्टेरोन बनाने में मदद करता है. दिलचस्प बात यह है कि टेस्टोस्टेरोन का स्तर प्रोस्टेट कैंसर से नहीं जुड़ा पाया गया.

शरीर का बेहद जरूरी हार्मोन है टेस्टोस्‍टेरोन
येप कहते हैं, ‘क्योंकि प्रोस्टेट कैंसर के इलाज में टेस्टोस्टेरोन कम किया जाता है, इसलिए हमेशा यह सवाल रहा है कि शरीर खुद कितना टेस्टोस्टेरोन बनाता है, क्या उसका प्रोस्टेट कैंसर के खतरे से कोई संबंध है. लेकिन हमारी रिसर्च के अनुसार ऐसा कोई सबूत नहीं मिला.’ टेस्टोस्टेरोन पुरुष शरीर का एक जरूरी हार्मोन है. यह अंडकोष और एड्रिनल ग्रंथियों से बनता है. इसका काम यौन क्षमता, मांसपेशियां, हड्डियों की सेहत और मेटाबॉलिज्म तक फैला होता है. उम्र के साथ टेस्टोस्टेरोन कम होना सामान्य बात है, लेकिन बहुत कम स्तर खराब स्वास्थ्य का संकेत हो सकता है. इस रिव्यू में पाया गया कि जब शुरुआती टेस्टोस्टेरोन 8.6 nmol/L से कम था, तो बाद में कैंसर से मरने का खतरा बढ़ना शुरू हो गया.

टेस्टोस्टेरोन रिप्लेसमेंट थेरेपी का बढ़ता बाजार
आजकल ‘लो टी’ को पुरुष शरीर में लगभग हर समस्या का ठीकरा बना दिया गया है. कम टेस्टोस्टेरोन उम्रदराज पुरुषों में कई नकारात्मक स्वास्थ्य परिणामों से जुड़ा है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि टेस्टोस्टेरोन ही कारण है या इसे बाहर से देने से फायदा होगा. ऑनलाइन प्रभावशाली लोग और टेस्टोस्टेरोन रिप्लेसमेंट थेरेपी का बढ़ता बाजार इस बात को विज्ञान से कहीं आगे ले गए हैं. 2023 में एक बड़े रैंडमाइज्ड ट्रायल में 5,000 से ज्यादा कम टेस्टोस्टेरोन वाले पुरुषों को कई साल तक फॉलो किया गया. उसमें पाया गया कि टेस्टोस्टेरोन रिप्लेसमेंट थेरेपी से प्रोस्टेट कैंसर का खतरा खास तौर पर नहीं बदला.

येप कहते हैं, ‘हमने दिखाया है कि कम स्तर बढ़े हुए खतरे से जुड़े हैं, लेकिन अभी तक कोई सबूत नहीं है कि पुरुषों को टेस्टोस्टेरोन देने से यह खतरा कम हो जाएगा. इसके बजाय येप बताते हैं कि कम टेस्टोस्टेरोन खराब स्वास्थ्य का एक बायोमार्कर हो सकता है. इसलिए संभव है कि टेस्टोस्टेरोन के स्तर को देखकर हम उन पुरुषों की पहचान कर सकें जिन्हें आगे चलकर कैंसर होने पर खराब नतीजे मिल सकते हैं.’

कम हो टेस्टोस्टेरोन तो जरूर कराएं चेकअप
पहले की कई रिसर्चों में टेस्टोस्टेरोन और कैंसर/कैंसर मृत्यु के संबंध पर मिश्रित नतीजे आए थे. कुछ में कोई संबंध नहीं मिला. लेकिन यह नया रिव्यू उन रिसर्चों पर आधारित है जिनमें हार्मोन मापने के लिए मास स्पेक्ट्रोमेट्री का इस्तेमाल हुआ, जो ज्यादा सटीक तरीका है. इसमें सिर्फ टेस्टोस्टेरोन नहीं, बल्कि उससे जुड़े दूसरे हार्मोन भी शामिल किए गए. येप का निष्कर्ष है, ‘हम पुरुषों से यही कहेंगे कि अगर किसी भी वजह से उनका टेस्टोस्टेरोन कम पाया जाए, तो डॉक्टर के पास जाकर पूरा चेकअप जरूर करवाएं. हो सकता है टेस्टिकुलर बीमारी न मिले, लेकिन दूसरी स्वास्थ्य समस्याएं या रिस्क फैक्टर जरूर निकल सकते हैं जिन्हें ठीक करना जरूरी हो.’

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X