Bahraich News:सड़क हादसे में घायल ग्रामीण की इलाज के दौरान मौत – Villager Injured In Road Accident Dies During Treatment
फखरपुर। गजाधरपुर के बसंतापुर निवासी संपत यादव (43) की बृहस्पतिवार रात लखनऊ के निजी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान मौत हो गई। पांच नवंबर को सड़क हादसे में घायल उनके इकलौते बेटे विशाल (16) की उसी दिन मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई थी।
संपत पांच नवंबर की सुबह बेटे विशाल के साथ दुकान पर पार्सल ले जाने के लिए सड़क किनारे खड़े थे। तभी लखनऊ की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने अनियंत्रित होकर दोनों को टक्कर मारते हुए चपेट में ले लिया। गंभीर हालत में दोनों को सीएचसी फखरपुर से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। वहां विशाल की मौत हो गई, जबकि संपत को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। बाद में परिजनों ने उन्हें निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया था।
भाई रंगीले ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। थाना प्रभारी रामकुमार राजभर ने बताया कि वाहन कब्जे में लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई है। एएसपी आयुष विक्रम सिंह ने जल्द विवेचना पूरी कर विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
