शनिवार, 14 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Azamgarh News:समितियों पर भरपूर उर्वरक का दावा, फिर भी भटक रहे किसान – Committees Claim To Have Plenty Of Fertilizers, Yet Farmers Are Wandering
आज़मगढ़

Azamgarh News:समितियों पर भरपूर उर्वरक का दावा, फिर भी भटक रहे किसान – Committees Claim To Have Plenty Of Fertilizers, Yet Farmers Are Wandering

November 14, 2026


रबी फसलों की बोआई का समय चल रहा है। इस समय किसानों को सबसे अधिक उर्वरक की जरूरत है। प्रशासन की ओर से दावा किया जा रहा है कि समितियों पर भरपूर उर्वरक उपलब्ध है, लेकिन समितियों से किसानों को मायूसी मिल रही है। ऐसे में किसान महंगे दामों पर बाजार से उर्वरक खरीदने को विवश हो रहे हैं।

प्रशासन के दावों की पड़ताल करते हुए टीम ने जब शनिवार को जिले की साधन सहकारी समितियों की पड़ताल की तो कहीं समिति पर कोई उर्वरक नहीं मिला तो कहीं मात्र यूरिया ही मिली। जबकि इस समय किसानों को सबसे ज्यादा डीएपी की जरूरत है।

समिति पर डीएपी न मिलने से किसान मायूस हैं। मजबूरी में किसानों को बाजार से ऊंचे दामों पर डीएपी खरीदकर फसल की बोआई करनी पड़ रही है। वहीं, अगर कहीं डीएपी मौजूद है तो उपलब्ध बोरियों की संख्या से अधिक किसान पहुंच रहे हैं। इसके कारण सचिवों को हंगामे के डर से वितरण बंद करना पड़ रहा है।

अहरौला : हांसा मतलूबपुर साधन सहकारी समिति पर क्षेत्र के किसान दीनानाथ चौहान, दिनेश पांडेय और राजकुमार चौबे डीएपी लेने के लिए पहुंचे थे। मौके पर मौजूद समिति के सचिव अरुण कुमार यादव ने बताया कि उनके पास मौके पर डीएपी उपलब्ध नहीं है, केवल एनपीके है।

डीएपी दो बार में 20 टन बांटी गई है। वहीं, हंसनाडीह साधन सहकारी समिति के प्रभारी अनुराग राजभर ने बताया कि 200 बोरी डीएपी उपलब्ध थी। सुबह वितरण भी शुरू किया गया था, लेकिन मौके पर उपलब्ध डीएपी के बोरों से चार गुना अधिक किसान लाइन लगाकर खड़े थे, जिससे वितरण बंद कर दिया गया।

वहीं, किसानों ने इसकी शिकायत हंसनाडीह में पहुंचे एमएलसी रामसूरत राजभर से भी की। रामसूरत राजभर ने सहकारिता विभाग से इस संबंध में बात कर किसानों को डीएपी उपलब्ध कराने को कहा।

————–

सरायमीर क्षेत्र की समितियों पर एनपीके मौजूद, डीएपी नदारद

सरायमीर। ब्लॉक मिर्जापुर में 11 साधन सहकारी समितियां हैं, जिनमें से साधन सहकारी समिति पेंड्रा मोहिउद्दीनपुर पर 300 बोरी एनपीके शुक्रवार को आई थी। डीएपी के लिए पहुंचे लगभग 400 लोग वापस चले गए। इसके अलावा किसी समिति पर डीएपी नहीं है। सचिव राकेश कुमार यादव ने बताया कि समिति पर 10 अक्टूबर को खाद आई थी, उसके बाद से अभी नहीं आई है। इस वक्त 11 समितियों में से कहीं भी खाद उपलब्ध नहीं है, सिर्फ एनपीके ही है।

————–

अतरौलिया क्षेत्र में यूरिया है, डीएपी गायब

अतरौलिया। पड़ताल के दौरान दोपहर 12 बजे साधन सहकारी समिति पकड़डीहा और ग्रामीण सहकारी समिति ईदिलपुर खुली मिलीं। दोनों समितियों पर यूरिया और एनपीके उपलब्ध था, जबकि डीएपी का स्टॉक नहीं मिला। वहीं, दोपहर एक बजे साधन सहकारी समिति तेजा जगदीशपुर बंद मिली। समितियों पर डीएपी न मिलने के कारण किसानों को बाजार से डीएपी खरीदकर बोआई करनी पड़ रही है।

——

गोदाम खाली, भटक रहे किसान

पवई। ब्लॉक की साधन सहकारी समितियों के गोदाम खाली पड़े हैं। खाद की आस में किसान रोजाना समितियों का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है। पवई ब्लॉक में कुल 12 साधन सहकारी समितियां हैं। इनमें से आठ समितियां ही सक्रिय हैं, जबकि चार निष्क्रिय पड़ी हैं। ऐसे में सक्रिय समितियों पर ही किसानों को खाद उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी है। बस्ती चक गुलरा साधन सहकारी समिति के सचिव राम प्यारे ने बताया कि डीएपी और एनपीके खाद की मांग भेजी गई है। सोमवार से किसानों को खाद का वितरण शुरू कर दिया जाएगा। संवाद

बोले किसान—–

समितियों पर यूरिया और एनपीके मिल रहा है, लेकिन डीएपी खत्म हो चुकी है। जबकि इस समय बोआई के लिए डीएपी की ही सबसे ज्यादा जरूरत है। -रवि कन्नौजिया, मीरपुर।

ईदिलपुर समिति पर यूरिया और एनपीके उपलब्ध है, जबकि डीएपी नहीं मिल रही है। बोआई के महत्वपूर्ण समय में डीएपी नहीं मिलने से किसानों की परेशानी बढ़ गई है। -राजेंद्र प्रसाद यादव, पेडरा।

सरकारी समितियों पर डीएपी की कीमत 1350 है, लेकिन 1380 में बेची जा रही है और इसके बावजूद उपलब्धता नहीं है। समितियों पर सिर्फ एनपीके मिल रहा है। -त्रिलोकी नाथ, मुबारकपुर।

बोआई का समय चल रहा है। सहकारी समितियों पर डीएपी उपलब्ध नहीं है। प्राइवेट दुकानों से 1700 से 1800 रुपये में डीएपी लोगों को खरीदनी पड़ रही है। -विजय प्रताप यादव, कंदरा।

—वर्जन

पिछली बार की तुलना में इस बार हम 500 (5,000 क्विंटल) एमटी ज्यादा डीएपी का वितरण कर चुके हैं। पिछले साल जहां 3000 एमटी (30,000 क्विंटल) डीएपी बांटी गई थी, वहीं इस बार हमने 3500 एमटी (35,000 क्विंटल) डीएपी बांटी है। सोमवार को भी एक रैक डीएपी आ रही है। आते ही समितियों पर इसे भेजा जाएगा। – अजय कुमार, एआर कोआपरेटिव।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X