जगदीशपुर। जगदीशपुर। रानीगंज-वारिसगंज मार्ग पर भीखनपुर के पास बृहस्पतिवार को मुर्गी दाना लदे पिकअप की चपेट में आने से बाइक सवार श्याम बहादुर (20) की मौत हो गई। इस हादसे में उसकी भाभी सनी कुमारी (40) और बहन ऊषा (17) गंभीर रूप से घायल हो गईं।
तीनों जगदीशपुर के गरडियाडीह गांव में एक कार्यक्रम से लौट रहे थे। भीखनपुर के पास उनकी बाइक मुर्गी दाना लदे पिकअप की चपेट में आ गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने श्याम बहादुर को मृत घोषित कर दिया। सनी कुमारी और ऊषा का उपचार चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप तेज रफ्तार में थी। चालक वाहन नियंत्रित नहीं कर सका। हादसे के बाद वह पिकअप लेकर भाग भी निकला। सीओ मुसाफिरखाना अतुल सिंह ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शादी के लिए देखने आने वाले थे रिश्तेदार
लुसई का पुरवा निवासी श्याम बहादुर की शादी के लिए बृहस्पतिवार को रिश्तेदार उसे देखने आने वाले थे। घर में इसकी तैयारियां चल रही थीं। परिवार के लोग शादी की बातचीत आगे बढ़ने को लेकर उत्साहित थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि जिस दिन रिश्तेदारों को आना था, उसी दिन परिवार की खुशियां मातम में बदल जाएंगी।
बेटे की मौत से मां का रो-रोकर बुरा हाल
श्याम बहादुर की मौत की खबर सुनकर मां केवला का रो-रोकर बुरा हाल है। भाई श्रीराम और श्यामलाल सहित बहन पूजा, पिंकी, ऊषा और गुड़िया भी बदहवास हैं। भाभी सनी कुमारी और बहन ऊषा की गंभीर हालत को लेकर परिवार के लोग चिंतित हैं। घर पहुंच रहे रिश्तेदार परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं।