Ballia News:थाना समाधान दिवस में अटके जमीन के मामले, 107 प्रार्थना पत्र में से 14 मामलों का ही निस्तारण – Land-related Issues Dominate ‘thana Samadhan Diwas’ (police Station Grievance Redressal Day); Only 14 Out Of 107 Applications Resolved
बलिया। फरियादियों को त्वरित और न्यायपूर्ण राहत दिलाने के उद्देश्य से आयोजित थाना समाधान दिवस राजस्व कर्मियों की कमी के चलते कई थानों पर महज औपचारिकता बनकर रह गया है। जमीन की पैमाइश, मेड़बंदी और कब्जे से जुड़े मामलों को लेकर थानों पर पहुंच रहे लोगों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है।
शनिवार को जिले के विभिन्न थानों पर आयोजित समाधान दिवस में कुल 107 प्रार्थना पत्र आए, लेकिन पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर महज 14 मामलों का ही निस्तारण कर सकी। नरहीं और बैरिया में एक भी शिकायत का मौके पर समाधान नहीं हुआ। वहीं, फेफना में राजस्व से जुड़ी 11 शिकायतों में सिर्फ एक मामले के लिए टीम गठित कर मौके पर भेजी गई। फेफना में लगातार कम पहुंच रहे लेखपाल फेफना थाने में राजस्व कर्मियों की कम मौजूदगी का मामला लगातार सामने आ रहा है।
सितंबर से आयोजित समाधान दिवसों में यहां लेखपालों की उपस्थिति अपेक्षाकृत कम रही है। पिछले चार आयोजनों के आंकड़े इसकी गवाही दे रहे हैं। 26 सितंबर को मात्र पांच, 10 अक्तूबर को आठ, 24 अक्तूबर को 12 और 14 नवंबर को भी सिर्फ 11 लेखपाल उपस्थित रहे। ऐसे में जमीन से जुड़े मामलों की जांच और मौके पर पैमाइश की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। थानाध्यक्ष अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विपक्षी पक्ष को नोटिस देने के बाद ही प्रार्थना पत्रों के निस्तारण की कार्रवाई की जा रही है।
नरहीं थाने में शनिवार को राजस्व से संबंधित दो मामले आए, लेकिन किसी का निस्तारण नहीं हो सका। दोपहर 12:10 बजे तक यहां केवल एक लेखपाल पवन प्रजापति मौजूद थे। दुलारपुर निवासी गंगासागर ने बताया कि जमीन की पैमाइश होने के बावजूद उन्हें कब्जा नहीं मिल पाया है। वह पिछले दो वर्षों से अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं।
वहीं, सरवनपुर निवासी रामाश्रय प्रसाद भी जमीन विवाद के मामले में लेखपाल की तलाश करते रहे। इस दौरान जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा और एएसपी दक्षिणी संजय वर्मा ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। बैरिया थाने में नायब तहसीलदार उदयराज रत्ना की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां कुल आठ शिकायतें आईं और सभी भूमि विवाद से संबंधित थीं। हालांकि, इनमें से एक भी मामले का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका।
