रविवार, 15 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
उन्नाव

Unnao News:आदेश की अनदेखी पर बीएसए को हाईकोर्ट की फटकार – Unnao News

November 15, 2026


उन्नाव। इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में लापरवाही पर बीएसए शैलेश कुमार पांडेय को अवमानना नोटिस जारी किया है। न्यायालय ने बीएसए को 27 नवंबर को व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होने का भी निर्देश दिया है। इसके अलावा समय पर आदेश का पालन न करने पर पांच हजार रुपये जुर्माना भी लगाया है।

इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने 19 अगस्त 2026 को आदेश पारित किया था, जिसमें प्राइमरी विद्यालयों के इंचार्ज शिक्षकों को हेडमास्टर का वेतन दिए जाने के आदेश दिए थे। इसके बावजूद जिले के चार इंचार्ज शिक्षकों को हेडमास्टर का वेतन नहीं दिया गया। इस पर उन्होंने न्यायालय की शरण ली थी। याचिकाकर्ताओं के अधिवक्ता दुर्गा प्रसाद शुक्ला और विवेक मिश्रा ने अदालत के समक्ष पक्ष रखते हुए बताया कि बीएसए शैलेष कुमार पांडेय जानबूझकर और इरादतन इस आदेश की अवहेलना की।

मामले की सुनवाई के बाद न्यायमूर्ति सौरभ लवानिया ने बीएसए शैलेश कुमार पांडेय को नोटिस जारी करने का आदेश दिया है। न्यायाधीश ने कहा कि बीएसए 27 नवंबर को न्यायालय में उपस्थित होकर यह बताएं कि 19 अगस्त के आदेश की अवहेलना करने के लिए उन पर न्यायालय अवमानना अधिनियम, 1971 के प्रावधानों के तहत आरोप क्यों न तय किए जाएं। न्यायालय ने स्पष्ट किया कि यदि बीएसए ने पूर्व के आदेश का समय पर अनुपालन कर दिया है तो अगली तारीख 27 नवंबर से पहले सक्षम अधिकारी का अनुपालन हलफनामा दाखिल कर सकते हैं। ऐसी स्थिति में उन्हें व्यक्तिगत रूप से पेश होने की आवश्यकता नहीं होगी।

वर्जन…

न्यायालय ने अभी निर्णय नहीं सुनाया है, अभी सुनवाई चल रही है। अगली तारीख से पहले न्यायालय में स्पेशल अपील करेंगे। न्यायालय में अपना पक्ष, विभाग की प्रक्रिया आदि से संबंधित दस्तावेज रखेंगे। -शैलेश कुमार, बीएसए

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X