रविवार, 15 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Gonda News:84 फीसदी ग्रामीण बेटियां बड़े फैसले खुद नहीं ले पातीं – 84 Percent Of Girls In Rural Areas Are Unable To Make Major Decisions On Their Own
गोंडा

Gonda News:84 फीसदी ग्रामीण बेटियां बड़े फैसले खुद नहीं ले पातीं – 84 Percent Of Girls In Rural Areas Are Unable To Make Major Decisions On Their Own

November 15, 2026


84 percent of girls in rural areas are unable to make major decisions on their own

 टाउन हॉल में शोध रिपोर्ट के लोकार्पण में शामिल ​शिक्षक व अन्य। स्रोत: संस्थान 

गोंडा। ग्रामीण बालिकाओं की शिक्षा और कॅरिअर की राह में पारिवारिक और सामाजिक बंदिशें बड़ी चुनौती हैं। 84 फीसदी बेटियां अपने जीवन के महत्वपूर्ण फैसले खुद नहीं ले पातीं। पढ़ाई और काम के लिए घर से बाहर जाने में 83 फीसदी को परिवार की अनुमति लेनी पड़ती है। वहीं, 69.5 फीसदी बालिकाओं को अकेले कहीं आने-जाने की आजादी नहीं है। जिले की एक हजार ग्रामीण बालिकाओं पर किए गए अध्ययन में यह तस्वीर सामने आई है।

द यूथ इंक और सफल इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से तैयार शोध रिपोर्ट ”ग्रामीण बालिकाओं की शैक्षणिक एवं कॅरिअर यात्रा में आने वाली चुनौतियों का अध्ययन” का शनिवार को टाउनहॉल में लोकार्पण किया गया। ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से जुटाई गई जानकारी के आधार पर तैयार रिपोर्ट में बताया गया है कि 79.4 फीसदी बालिकाओं से जल्दी घर लौटने की अपेक्षा की जाती है। 53.2 फीसदी को पुरुषों से दूरी बनाए रखने के लिए कहा जाता है। 25.2 फीसदी परिवारों का मानना है कि बेटियों के लिए बुनियादी स्कूली शिक्षा ही पर्याप्त है।

द यूथ इंक के संस्थापक पुष्कर पांडेय ने बताया कि शोध का उद्देश्य उन परिस्थितियों को समझना है, जो ग्रामीण बालिकाओं की आकांक्षाओं और भविष्य के फैसलों को प्रभावित करती हैं। प्रोग्राम लीडर दिशा शर्मा ने शोध प्रक्रिया और निष्कर्षों की जानकारी देते हुए बालिकाओं को शिक्षा और कॅरिअर के समान अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया। इस दौरान रिसर्च इंटर्न आकृति सिंह, नयन श्रीवास्तव और गौसिया सुल्ताना को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

शिक्षिकाओं ने किया रिपोर्ट का लोकार्पण

कार्यक्रम में जीजीआईसी की प्रधानाचार्य अमिता पांडेय, सरयू प्रसाद कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य गिरिजा मिश्रा, वरिष्ठ शिक्षिका प्रतिभा त्रिपाठी, नारी ज्ञानस्थली महाविद्यालय की नीलम छाबड़ा, सीमा श्रीवास्तव और रंजना बंधु मौजूद रहीं। जीआईसी के प्रधानाचार्य सुधीर पांडेय, जिला समन्वयक समेकित शिक्षा राजेश सिंह, प्राथमिक शिक्षक संघ के राष्ट्रीय संगठन सचिव अर्जुन सिंह समेत कई शिक्षक और पदाधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। (संवाद)

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X