Chandauli News:गुरेरा गांव में मकान का ताला तोड़कर लाखों के जेवरात और नकदी चोरी – In Gurera Village, House Break-in Leads To Theft Of Jewelry Worth Lakhs And Cash
बलुआ थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। चोरों ने गुरेरा गांव में किसान पारस यादव के मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात, कीमती साड़ियां और 12 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। दो दिनों के भीतर चोरी की तीन घटनाएं सामने आने से ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश है।
लगातार हो रही वारदातों से पुलिस की रात्रि गश्त पर भी सवाल उठने लगे हैं। पारस यादव के छोटे भाई भारतीय सेना में तैनात हैं, जबकि एक अन्य भाई दिल्ली में निजी नौकरी करते हैं। घटना के समय परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे। इसी दौरान चोर मकान में घुस गए और कमरों के ताले तोड़कर बक्सों में रखे जेवरात, साड़ियां और नकदी समेट ले गए। सुबह परिजन सोकर उठे तो टूटे ताले और कमरों में बिखरा सामान देखकर चोरी की जानकारी हुई।
चोर घर से करीब 500 मीटर दूर खेतों की ओर पांच से छह बक्से ले गए और उन्हें तोड़कर कीमती सामान निकाल लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल की। गौरतलब है कि बलुआ थाना क्षेत्र में दो दिनों के भीतर चोरी की तीन बड़ी घटनाएं हो चुकी हैं। चोर घरों के साथ मंदिरों और विद्यालयों को भी निशाना बना रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार वारदातों के बावजूद किसी का खुलासा नहीं हो सका है।
उन्होंने पुलिस अधीक्षक से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है। इस संबंध में बलुआ थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।
