Ballia News:सूरत से पकड़ा गया 50 हजार का इनामी गैंगस्टर – Gangster With A 50,000 Bounty On His Head Arrested In Surat
नगरा। बलिया में गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी मुन्ना गोड़ उर्फ चन्द्रमल को एसटीएफ लखनऊ की टीम ने गुजरात के सूरत से गिरफ्तार कर लिया।
उसके खिलाफ नगरा और बलिया कोतवाली थानों में चोरी समेत कुल पांच आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ टीम उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर बलिया पहुंची, जहां उसके खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। थानाध्यक्ष नगरा संजय मिश्र ने बताया कि एसटीएफ लखनऊ के उपनिरीक्षक चंद्र प्रकाश मिश्र को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित इनामी गुजरात के सूरत में रह रहा है। सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम ने 12 नवंबर को दोपहर में सूरत शहर के पांडेसरा थाना क्षेत्र स्थित लक्ष्मीनगर आशापुरी सोसाइटी-02, गोवलनगर रोड पर घेराबंदी कर मुन्ना गोड़ उर्फ चन्द्रमल निवासी रुद्रवार, थाना सिकंदरपुर को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ टीम ने अभियुक्त का न्यू सिविल हॉस्पिटल एवं गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, सूरत में चिकित्सकीय परीक्षण कराया। इसके बाद उसे सूरत की अदालत में पेश किया गया। न्यायालय से 16 नवंबर को अपराह्न दो बजे तक का ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद एसटीएफ टीम उसे लेकर बलिया पहुंची।
पुलिस के मुताबिक, अभियुक्त के खिलाफ नगरा थाने में उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा नगरा और बलिया कोतवाली थानों में चोरी एवं अन्य धाराओं में चार मुकदमे दर्ज हैं। इस तरह उसके खिलाफ कुल पांच आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। संवाद
