रविवार, 15 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
गोरखपुर

Gorakhpur News:टाउन हॉल मैदान में सीएम योगी लगाएंगे जन चौपाल…नागरिकों से करेंगे संवाद – Cm Yogi To Hold A ‘jan Chaupal’ (public Meeting) At Town Hall Grounds; Will Interact With Citizens

November 15, 2026


19 नवंबर को दोपहर दो बजे से होगा कार्यक्रम, गोरखपुर सदर विधानसभा से पांच हजार लोग होंगे शामिल

अधिकारियों की मौजूदगी में मुख्यमंत्री सुनेंगे समस्याएं

गोरखपुर। भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर जन चौपाल के माध्यम से जनता से सीधा संवाद स्थापित करने की रणनीति तैयार की है। इसका शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर से करेंगे। कचहरी स्थित टाउनहॉल मैदान में पहली जन चौपाल को संबोधित करेंगे, जिसमें सदर विधानसभा से पांच हजार लोगों के शामिल होने संभावना जताई गई है।

मुख्यमंत्री 19 नवंबर को दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर आ रहे हैं। वे इस दिन दोपहर दो बजे सदर विधानसभा क्षेत्र के दीनदयाल नगर मंडल अंतर्गत माया बाजार शक्ति केंद्र (टाउन हॉल मैदान) पर जन चौपाल में शामिल होंगे। 20 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित एक कार्यक्रम में विद्यार्थियों को टैबलेट प्रदान करेंगे।

मुख्यमंत्री के जन चौपाल कार्यक्रम को लेकर पार्टी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। शनिवार को बेनीगंज स्थित भाजपा महानगर कार्यालय में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह की मौजूदगी में संगठन की बैठक हुई। इस दौरान पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों में जन चौपाल कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं, जिसका शुभारंभ गोरखपुर महानगर से किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष, बूथ प्रभारी, मंडल की पूरी टीम एवं पार्षदों की सक्रिय सहभागिता रहेगी। सभी कार्यकर्ता आपसी समन्वय और पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने में जुट जाएं।

भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जन चौपाल कार्यक्रम गोरखपुर महानगर के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। कार्यकर्ता पूरी प्रतिबद्धता और उत्साह के साथ कार्यक्रम को ऐतिहासिक एवं भव्य बनाने में अपनी भूमिका निभाएं। बैठक की अध्यक्षता कर रहे महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता ने कहा कि गोरखपुर महानगर का प्रत्येक कार्यकर्ता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन चौपाल कार्यक्रम को सफल एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरे जी-जान से जुटेगा। बैठक का संचालन महामंत्री अच्युतानंद शाही ने किया। इस अवसर पर महानगर के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं पार्षद उपस्थित रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X