Amroha News:जनवरी में होंगी यूपी बोर्ड की प्री परीक्षाएं और प्रैक्टिकल – Up Board Pre-examinations And Practicals Will Be Held In January
अमरोहा। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं पांच फरवरी से शुरू होंगी। इससे पहले जनवरी में प्री-बोर्ड और प्रयोगात्मक परीक्षाएं कराई जाएंगी। विद्यालयों को दिसंबर तक पाठ्यक्रम पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि विद्यार्थियों को रिवीजन का समय मिल सके। बोर्ड परीक्षा में अब केवल 82 दिन शेष हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक शतानंद शर्मा ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद के शैक्षणिक कार्यक्रम के अनुसार जनवरी में प्री-बोर्ड परीक्षाएं होंगी। इसी महीने इंटरमीडिएट के भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान समेत अन्य विषयों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं कराई जाएंगी। हाईस्कूल में आंतरिक मूल्यांकन और प्रयोगात्मक विषयों का आकलन होगा। विस्तृत कार्यक्रम परिषद जारी करेगी।
उन्होंने बताया कि विद्यालयों को समय से पाठ्यक्रम पूरा कराने और नियमित रिवीजन के निर्देश दिए गए हैं। प्री-बोर्ड से विद्यार्थियों की तैयारी परखकर कमजोर विषयों और विद्यार्थियों को चिह्नित किया जाएगा, ताकि उन्हें अतिरिक्त तैयारी कराई जा सके।
यूपी बोर्ड ने सभी विषयों के मॉडल प्रश्नपत्र भी जारी कर दिए हैं। डीएवी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रवीण शर्मा ने बताया कि परिषद की वेबसाइट upmsp.edu.in पर मॉडल पेपर उपलब्ध हैं। विद्यार्थियों को तीन घंटे 15 मिनट की निर्धारित अवधि में पूरा प्रश्नपत्र हल करने का अभ्यास करना चाहिए। इससे प्रश्नपत्र के प्रारूप, अंक विभाजन और समय प्रबंधन की समझ विकसित होगी। साथ ही कमजोर विषयों और पाठों में समय रहते सुधार किया जा सकेगा।
