Ambala News:बैंक खाते से उड़ाए एक लाख रुपये – One Lakh Rupees Siphoned Off From Bank Account
अंबाला। साइबर ठगों ने कैंट में एक युवती के बैंक खाते को निशाना बनाते हुए दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिये एक लाख रुपये निकाल लिए।
पूजा विहार निवासी युवती जब फोन-पे के माध्यम से किराने के सामान का भुगतान करने लगी तब उनके पास स्क्रीन पर डेली लिमिट एक्सिडेड लिखा आया।
इसके बाद खाते की ट्रांजेक्शन हिस्ट्री जांचने पर धोखाधड़ी का खुलासा हुआ। पीड़िता की शिकायत पर थाना साइबर क्राइम अंबाला ने जीरो एफआईआर के आधार पर धारा 318(4) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में पूजा विहार की रहने वाली सिमरन ने बताया कि वह निजी काम करती हैं। उनका बचत खाता बैंक ऑफ बड़ौदा की खोजकीपुर शाखा में है। 13 नवंबर को जब उन्होंने किराने का सामान खरीदकर फोन पे के जरिये भुगतान करने की कोशिश की, तो स्क्रीन पर डेली लिमिट एक्सिडेड लिखा आया।
इसके बाद जब उन्होंने फोन पे की हिस्ट्री चेक की, तो धोखाधड़ी का खुलासा हुआ। बैंक खाते से 13 नवंबर को ही दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिये कुल 1 लाख रुपये कट चुके थे। पहली ट्रांजेक्शन के जरिये 75,000 रुपये और दूसरी ट्रांजेक्शन के जरिये 25,000 रुपये निकाले गए थे।
पीड़ित युवती ने तुरंत इसकी ऑनलाइन शिकायत राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज कराई है। इसके बाद साइबर क्राइम थाने में दरखास्त पेश की गई।
थाना पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद जुर्म पाए जाने पर शनिवार, 15 नवंबर को प्राथमिकी दर्ज की। प्रथम सूचना रिपोर्ट की प्रतियां इलाका मजिस्ट्रेट, पुलिस अधीक्षक अंबाला और अन्य उच्च अधिकारियों को भेज दी गई हैं। ठगी करने वाले गिरोह की तलाश की जा रही है।
