सोमवार, 16 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Hapur News:ताबड़तोड़ फायरिंग से दहला शंकराटीला, मारपीट में छह किसान घायल – Shankaratila Rocked By Intense Gunfire; Six Farmers Injured In A Physical Altercation
हापुड़

Hapur News:ताबड़तोड़ फायरिंग से दहला शंकराटीला, मारपीट में छह किसान घायल – Shankaratila Rocked By Intense Gunfire; Six Farmers Injured In A Physical Altercation

November 16, 2026


बहादुरगढ़ (हापुड़)। हापुड़-अमरोहा सीमा से सटे खादर क्षेत्र में सीमा को लेकर चल रहा विवाद शनिवार देर रात खूनी संघर्ष में बदल गया। बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव शंकराटीला में रात करीब एक बजे दो पक्षों के बीच जमकर फायरिंग हुई। आरोप है कि गंगा पार अमरोहा की ओर से आए हथियारबंद लोगों ने खेतों में काम कर रहे किसानों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गोलियों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा और खेतों में भगदड़ मच गई। इस दौरान लाठी-डंडों और मारपीट में छह किसान घायल हो गए, जबकि गांव का 19 वर्षीय युवक सौरभ लापता हो गया। युवक गंगा किनारे बेहोशी की हालत में मिला, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

शंकराटीला के किसान लाल सिंह ने बताया कि खादर में अपने-अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर खेत पर तिरपाल लगाकर सो रहे थे। ट्रैक्टर से वह गंगा पार नहीं कर पा रहे थे, इसलिए राजू, सुरेश और विकास के साथ वहां सो गए। रात होते ही अमरोहा के हसनपुर क्षेत्र के गांव पिपलौती के ग्राम प्रधान जितेंद्र और उसके साथी हौसराम, चंद्रपाल, नौशाद, हसनैन, शाहरुख और तसलीम समेत 15 अज्ञात लोग वहां पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी।

इसके बाद आपस में लाठी-डंडे व धारदार हथियार चले। इस बीच लाल सिंह, विकास, सुरेश, राजू और मनीष गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ितों ने हमलावरों पर ट्रैक्टर-ट्रॉली गंगा में धकेलने का आरोप लगाया है।

सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में भी करीब पांच मिनट तक फायरिंग होती रही। थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मौके से कारतूस के खाली खोखे बरामद हुए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। सुबह ग्रामीणों और पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद ट्रैक्टरों को गंगा से बाहर निकलवाया।

तहसीलदार ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

सूचना पर तहसीलदार हेमंत चौधरी ने थाना प्रभारी के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि विवादित भूमि गढ़ तहसील क्षेत्र में आती है। राजस्व टीम के साथ जल्द जमीन की सीमाओं की जांच कराई जाएगी। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था कायम है।

मामले में हसनपुर के पिपौली ग्राम प्रधान समेत 15 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। गांव में कानून व्यवस्था बनी हुई है। पुलिस टीम को मुस्तैद कर दिया गया है। – राहुल यादव, सीओ

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X