सोमवार, 16 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
फ़र्रुख़ाबाद

आरोग्य मेला :किट से जांच में तीन डेंगू पॉजिटिव मिले – Three People Tested Positive For Dengue Using A Test Kit

November 16, 2026


फर्रुखाबाद। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य मेला लगा। ग्रामीण क्षेत्र की अधिकांश पीएचसी आयुष डॉक्टर या फार्मासिस्ट के भरोसे रहीं। बदलते मौसम में सर्दी-खांसी व त्वचा संबंधी मरीजों की संख्या अधिक रही। किट से की गई जांच में तीन मरीज डेंगू पॉजिटिव पाए गए। कुल 1170 मरीजों को उपचार दिया गया।

शहर के छह व ग्रामीण क्षेत्र के 28 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आरोग्य मेला लगा। रविवार को छठ पूजा होने से नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर कुछ डॉक्टर व कर्मचारी तीन बजे से पहले ही चले गए। वहीं, शमसाबाद क्षेत्र के पीएचसी पसियापुर में कोई डॉक्टर न पहुंचने से फार्मासिस्ट शैलेंद्र कुमार ने 51 मरीज देखकर दवाई दी।

एलटी नेहा मेहरुस ने मरीजों की जांच की। फार्मासिस्ट ने बताया कि ज्यादातर मरीज खांसी, जुकाम, बुखार के आए। वहीं पीएचसी फैजबाग में डॉ. अमित कुमार ने 49 मरीज देखे। यहां भी खांसी, जुकाम, बुखार व खुजली के मरीज अधिक रहे। फार्मासिस्ट वीरेंद्र राजपूत ने दवाई दी। 13 मरीजों की जांच की गई।

नवाबगंज क्षेत्र के पीएचसी खलवारा में आयुष डॉ. नीलम बघेल ने 53 मरीज देखे। इनमें 22 मरीज बुखार के आए। सभी की मलेरिया जांच की गई, रिपोर्ट निगेटिव आई। फार्मासिस्ट प्रेम रंजन ने दवा दी और एलटी आज्ञाराम ने मरीजों की जांच की।

सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय ने बताया कि सभी पीएचसी पर मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में 1170 मरीजों को उपचार दिया गया। त्वचा रोग के सर्वाधिक 298 मरीज पहुंचे। बुखार से पीड़ित 69 मरीजों की मलेरिया व 46 की डेंगू किट से जांच हुई। इसमें तीन मरीज डेंगू पॉजिटिव मिले। तीन आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाए गए।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X