सोलंगनाला (कुल्लू)। वीकेंड समाप्त होने के बाद भी मनाली, सोलंगनाला, अटल टनल और रोहतांग दर्रे में पर्यटकों की रौनक बरकरार है। बीते दिनों हुई हल्की बर्फबारी के बाद बर्फ देखने के लिए बड़ी संख्या में सैलानी रोहतांग दर्रे का रुख कर रहे हैं। सोमवार को भी पर्यटकों की भारी भीड़ दर्रे में पहुंची। पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही के चलते रोहतांग की ओर जाने वाले मार्ग पर जाम जैसे हालात बने रहे।
अटल टनल के आसपास भी पर्यटकों की अच्छी खासी भीड़ रही। सैलानी टनल के बाहर बर्फ से ढकी पहाड़ियों के बीच तस्वीरें खिंचवाते नजर आए। वहीं, रोहतांग दर्रे में पहुंचकर पर्यटकों ने बर्फ से ढकी चोटियों और प्राकृतिक नजारों का आनंद लिया। वीकेंड खत्म होने के बावजूद पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की आमद बनी रहने से पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिले हुए हैं।
होटल संचालकों, टैक्सी ऑपरेटरों और पर्यटन गतिविधियों से जुड़े कारोबारियों के अनुसार सप्ताह के सामान्य दिनों में भी पर्यटकों की आवाजाही से कारोबार को अच्छा सहारा मिल रहा है। कारोबारियों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में बर्फबारी का सिलसिला जारी रहा तो पर्यटकों की संख्या में और इजाफा होगा। संवाद