Jind News:मतदाता सूची से छूटे लोगों को नाम जुड़वाने का एक और मौका – Another Opportunity For Those Left Off The Electoral Roll To Get Their Names Added
जींद। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान मतदाता सूची में नाम शामिल नहीं हो पाने वाले लोगों को निर्वाचन आयोग ने एक और अवसर दिया है। अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और दोहरी प्रविष्टि (एएसडीडी) श्रेणी में चिह्नित मतदाता निर्धारित प्रक्रिया के तहत गणना प्रपत्र जमा करवाकर अपना नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल करवाने के लिए आवेदन कर सकेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी डॉ. वैशाली शर्मा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने छह नंवबर को जारी निर्देशों में यह अवसर प्रदान किया है। जिन मतदाताओं के गणना प्रपत्र प्राप्त नहीं होने के कारण नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सके थे, वे अब दोबारा नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। ऐसे मतदाताओं की मतदान केंद्रवार सूची संबंधित बूथों के सूचना पट्टों, पंचायत भवनों, शहरी स्थानीय निकाय कार्यालयों और अधिकारियों के कार्यालयों में प्रदर्शित की जाएगी। ये सूचियां मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा की वेबसाइट पर पीडीएफ प्रारूप में भी उपलब्ध रहेंगी। डीसी ने बताया कि बूथ स्तर के अधिकारी (बीएलओ) बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) के साथ समन्वय करेंगे। पड़ोसियों, परिवार के सदस्यों और उपलब्ध संपर्क माध्यमों से भी संबंधित मतदाताओं की जानकारी जुटाई जाएगी। मतदाताओं को गणना प्रपत्र जमा करवाने की प्रक्रिया के बारे में मार्गदर्शन दिया जाएगा।
जिले में 1,20,796 मतदाता एएसडीडी श्रेणी में चिह्नित
डीसी डॉ. वैशाली शर्मा ने बताया कि जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण की शुरुआत में कुल 10,43,768 मतदाता थे। इनमें 43,757 मृत, 16,975 अनुपस्थित, 52,035 स्थायी रूप से स्थानांतरित, 7,168 दोहरी प्रविष्टि और 861 अन्य श्रेणी में चिह्नित किए गए थे। इस तरह कुल 1,20,796 मतदाता एएसडीडी श्रेणी में रखे गए थे।
