मंगलवार, 17 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Hathras News:गोपाष्टमी पर करेंगे पूजन, कचरे में गोमाता तलाश रहीं भोजन – Worship Will Be Done On Gopashtami, Mother Cow Is Searching For Food In The Garbage
हाथरस

Hathras News:गोपाष्टमी पर करेंगे पूजन, कचरे में गोमाता तलाश रहीं भोजन – Worship Will Be Done On Gopashtami, Mother Cow Is Searching For Food In The Garbage

November 17, 2026


हाथरस। गोपाष्टमी पर एक ओर घरों और गोशालाओं में गोमाता का विधि-विधान से पूजन कर उनकी सेवा और संरक्षण का संकल्प लिया जाएगा, जबकि दूसरी ओर जिले की सड़कों पर बेसहारा गोवंश कूड़े के ढेरों में भोजन की तलाश करते नजर आते हैं।

कहीं गायें पॉलिथीन और गंदगी खाकर पेट भर रही हैं तो कहीं सड़कों पर वाहनों के बीच भटककर हादसों का खतरा बढ़ा रही हैं। गोवंश संरक्षण के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च होने के दावों के बीच यह तस्वीर व्यवस्थाओं की हकीकत बयां कर रही है।

जिले में 31 गोशालाएं संचालित हैं, जिनमें नौ हजार से अधिक गोवंश संरक्षित होने का दावा है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में गोवंश सड़कों और गलियों में घूमते दिखाई देते हैं। चारे की तलाश में ये गोवंश कूड़े के ढेरों तक पहुंच जाते हैं और वहां पड़ी पॉलिथीन, सड़ी-गली खाद्य सामग्री और अन्य कचरा खाने पर मजबूर होते हैं। इससे उनके बीमार होने का खतरा भी बना रहता है।

करोड़ों खर्च, फिर भी सड़कों पर गोवंश

निराश्रित गोवंश के संरक्षण और गो-आश्रय स्थलों की व्यवस्थाएं बेहतर बनाने के लिए जिले में करीब 10.19 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके तहत 21 प्रमुख गो-आश्रय स्थलों को चिह्नित कर 73 अवस्थापना संबंधी कार्य कराए जा रहे हैं। इन कार्यों का उद्देश्य गोशालाओं की क्षमता बढ़ाने के साथ ही वहां गोवंश के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। इसके बावजूद सड़कों पर घूम रहे गोवंश को सुरक्षित आश्रय स्थलों तक पहुंचाने की व्यवस्था प्रभावी नजर नहीं आ रही है।

कोई नियमित अभियान नहीं

गो सेवक राहुल उपाध्याय ने आरोप लगाते हुए कहा कि गोवंश को पकड़कर गोशालाओं तक पहुंचाने के लिए नियमित अभियान नहीं चलाया जाता। शिकायत मिलने पर ही नगर पालिका सक्रिय होती है और कुछ गोवंश को पकड़कर औपचारिकता पूरी कर ली जाती है। इसके बाद फिर वही स्थिति बन जाती है। ग्रामीण क्षेत्रों में तो इतना भी नहीं हो रहा।

बेसहारा गोवंश को गोशालाओं तक पहुंचाया जा रहा है। कुछ पशु पालक अपने ही गोवंश को शहर में खुला छोड़ देते हैं। इन पर अंकुश लगाया जा रहा है। दूसरी ओर गोशालाओं की क्षमता बढ़ाई जा रही है। सभी गोवंश इन गोशालाओं तक पहुंचाए जाएंगे।

-पीए यादव, प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X