भूना। गांव खजूरी जाटी में रविवार देर शाम खेतों में विचरण कर रही दो नीलगायों को गोली मारने का मामला सामने आया है। घटना में एक मादा नीलगाय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल नीलगाय को उपचार के लिए हिसार रेफर किया गया है। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों और बिश्नोई समाज के लोगों की भीड़ जुट गई।
वन्य जीवों पर हमले की आशंका को लेकर लोगों में रोष है। ग्रामीणों ने घटना की सूचना वन्य जीव विभाग के निरीक्षक जयविंदर नेहरा को दी। इसके बाद एरिया इंचार्ज वन्य जीव निरीक्षक सुरेश कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच के बाद अवैध हथियार से फायरिंग किए जाने की आशंका को लेकर विभाग की ओर से भूना पुलिस को शिकायत दी गई। सूचना मिलते ही सब इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के बयान दर्ज किए। ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र के कुछ जमींदारों ने आवारा पशुओं से फसलों की रखवाली के लिए चौकीदार तैनात किए हुए हैं। रविवार शाम नीलगायों का झुंड खेतों में घुसा तो उन्हें भगाने के प्रयास में कथित तौर पर किसी चौकीदार ने फायरिंग कर दी। आरोप है कि दो गोलियां दो मादा नीलगायों को लगीं। हालांकि कुछ ग्रामीणों ने नीलगायों के आवारा कुत्तों के हमले में घायल होने की आशंका भी जताई है। इसको देखते हुए मृत नीलगाय का बोर्ड के माध्यम से पोस्टमार्टम करवाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। सरपंच सीताराम ने बताया कि नीलगाय को गोली लगी है या आवारा कुत्तों ने हमला किया है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
–
वन्य जीव विभाग के सब इंस्पेक्टर सुरेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची थी। एक नीलगाय मृत मिली है, जिसका पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। वहीं, पुलिस सब इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।