मंगलवार, 17 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
उत्तराखंड:एक के बाद एक तीन हादसों ने उजाड़े कई परिवार, 14 जिंदगियां खत्म, 36 घायल, परिवारों में पसरा मातम – Uttarakhand Road Accidents 14 Dead 36 Injured In Three Major Crashes In Tehri Rudraprayag And Rishikesh
टिहरी

उत्तराखंड:एक के बाद एक तीन हादसों ने उजाड़े कई परिवार, 14 जिंदगियां खत्म, 36 घायल, परिवारों में पसरा मातम – Uttarakhand Road Accidents 14 Dead 36 Injured In Three Major Crashes In Tehri Rudraprayag And Rishikesh

November 17, 2026


उत्तराखंड में मंगलवार की सुबह कई परिवारों के लिए कभी न भूलने वाला दर्द लेकर आई। टिहरी, रुद्रप्रयाग और ऋषिकेश क्षेत्र में हुए तीन अलग-अलग सड़क हादसों में कुल 14 लोगों की जान चली गई, जबकि 36 लोग घायल हो गए। कहीं यात्री बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी तो कहीं बोलेरो और मैक्स वाहन गहरी खाई में गिर गए।

हादसों के बाद घटनास्थलों पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और स्थानीय लोगों ने मिलकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें कई की हालत गंभीर है। इन हादसों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राहुल गांधी ने भी दुख जताया है। हादसों का मंजर भयावह था। अपनों को खोने वाले परिवारों में मातम पसरा है। घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है। हादसों की खबर सामने आने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी गहरा दुख जताया है।

Uttarakhand road accidents 14 dead 36 injured in three major crashes in tehri rudraprayag and rishikesh

हादसा
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

गूलर बस हादसा: पुल से 100 मीटर नीचे गदेरे में गिरी बस, नौ की मौत और 26 घायल

टिहरी जिले में गूलर घाटी के पास मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे बड़ा हादसा हो गया। हरिद्वार से चमोली के कर्णप्रयाग जा रही यात्री बस गूलर बाजार के पास अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल हो गए। घायलों में छह की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की ब्यासी पोस्ट से उपनिरीक्षक सावर सिंह के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए ढालवाला और एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय से भी अतिरिक्त टीमें भेजी गईं। एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

Uttarakhand road accidents 14 dead 36 injured in three major crashes in tehri rudraprayag and rishikesh

रुद्रप्रयाग में हादसा
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

रुद्रप्रयाग हादसा: पोखरी से रांसी जा रही बोलेरो खाई में गिरी, चार की मौत और छह घायल

रुद्रप्रयाग जिले में सोमवार देर रात बांसवाड़ा-मोहनखाल मोटर मार्ग पर बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। वाहन में करीब 10 लोग सवार थे। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। वाहन पोखरी क्षेत्र से रांसी की ओर जा रहा था। सूचना मिलने पर कोतवाली अगस्त्यमुनि पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमें 108 एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंचीं। सीओ रुद्रप्रयाग सहित पुलिस और बचाव दलों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाया। रातभर चले रेस्क्यू अभियान में सभी लोगों को खाई से बाहर निकाला गया। छह घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें दो को सामान्य चोटें आई हैं, जबकि चार को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया।

Uttarakhand road accidents 14 dead 36 injured in three major crashes in tehri rudraprayag and rishikesh

हादसा
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

ऋषिकेश: फकोट के पास खाई में गिरा मैक्स वाहन, एक की मौत और चार घायल

फकोट विकासखंड के बांस काटल गांव में एक मैक्स वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। चारों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।

Uttarakhand road accidents 14 dead 36 injured in three major crashes in tehri rudraprayag and rishikesh

पीएम मोदी

पीएम मोदी, सीएम धामी और राहुल गांधी ने जताया दुख

भीषण बस हादसे को लेकर लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दुख व्यक्त किया है। तीनों ने हादसों में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर, रुद्रप्रयाग जिले के ऊखीमठ क्षेत्र और टिहरी गढ़वाल की दोगी पट्टी के बांसकाटल में हुए सड़क हादसों में लोगों की मौत पर गहरा दुख जताया। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार और हादसों से प्रभावित लोगों व उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X