Siddharthnagar News:छह दशक से शाहपुर में जीवंत है रामलीला की परंपरा, जयकारों से गूंजा पांडाल – Siddharthnagar News: Tradition Of Ramlila Has Thrived In Shahpur For Six Decades; Venue Resonates With Chants
– दस दिवसीय महोत्सव के पहले दिन नारद मोह से श्रीराम जन्म तक की लीला का मंचन
शाहपुर। छह दशक से अधिक समय से चली आ रही रामलीला की परंपरा एक बार फिर जीवंत हो उठी। नारद मोह के प्रसंग से शुरू हुई लीला में जैसे ही भगवान श्रीराम के जन्म का दृश्य मंचित हुआ, पूरा पांडाल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान के बाल स्वरूप की झांकी के दर्शन कर जयकारे लगाए।
रविवार को नगर पंचायत डुमरियागंज के शाहपुर पुरानी बाजार स्थित रामलीला मैदान में दस दिवसीय श्रीरामलीला महोत्सव का शुभारंभ हुआ। श्रीरामलीला समिति की ओर से आयोजित महोत्सव की शुरुआत विधि-विधान से पूजा-अर्चना और विश्व शांति की कामना के साथ हुई। इसके बाद स्थानीय कलाकारों ने नारद मोह से लेकर भगवान श्रीराम के जन्म तक के प्रसंगों का सजीव मंचन किया। कलाकारों ने विभिन्न पात्रों की भूमिका निभाकर रामायण के प्रसंगों को मंच पर जीवंत कर दिया। भगवान श्रीराम के बाल स्वरूप की झांकी आकर्षण का केंद्र रही।
समिति के अध्यक्ष मुकेश अग्रहरि ने बताया कि शाहपुर पुरानी बाजार में पिछले 66 वर्षों से लगातार श्रीरामलीला का सजीव मंचन किया जा रहा है। 24 नवंबर तक चलने वाले महोत्सव में नारद मोह, रावण का अत्याचार, शिव-पार्वती उपासना, मुकुट पूजन, शिव विवाह, मनु-सतरूपा तप, रावण तप और रावण-वेदवती संवाद समेत कई प्रसंगों का मंचन होगा।
इस दौरान अशोक जायसवाल, तिलकराम साहनी, दिवाकर कसौधन, डब्लू जायसवाल, राजेश सहित समिति के अन्य सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
