एपल की कई सेवाएं ठप: एप स्टोर, आईक्लाउड और वॉलेट इस्तेमाल करने में परेशानी; यूजर्स हो रहे परेशान – Apple-services-outage-app-store-icloud-wallet-apple-pay-users-issues
सार
एपल की कई डिजिटल सेवाओं में मंगलवार को तकनीकी दिक्कतें सामने आईं। हजारों यूजर्स ने आईक्लाउड, ऐप स्टोर, वॉलेट, एपल पे और एपल सपोर्ट का इस्तेमाल करने में परेशानी की शिकायत की। आउटेज ट्रैक करने वाली वेबसाइट डाउनडिटेक्टर पर शिकायतों की संख्या तेजी से बढ़ी और एक घंटे के भीतर करीब 2,000 रिपोर्ट दर्ज हुईं।
एपल की कई डिजिटल सेवाओं में मंगलवार को तकनीकी खराबी की शिकायतें सामने आईं। हजारों यूजर्स ने ऐप स्टोर, आईक्लाउड और वॉलेट समेत कंपनी की कई सेवाओं का इस्तेमाल करने में परेशानी की जानकारी दी। यूजर्स को कनेक्शन और अकाउंट में साइन-इन करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
आउटेज पर नजर रखने वाली वेबसाइट डाउनडिटेक्टर के मुताबिक, एपल की सेवाओं में परेशानी की शिकायतें अमेरिकी समय के अनुसार सुबह करीब 11:30 बजे से सामने आने लगीं। अगले एक घंटे में शिकायतों की संख्या बढ़कर करीब 2,000 तक पहुंच गई।
एपल की किन सेवाओं पर पड़ा असर?
प्रभावित सेवाओं में एपल पे और एपल सपोर्ट भी शामिल हैं। हालांकि, एपल के आधिकारिक सिस्टम स्टेटस पेज पर इन सेवाओं को चालू बताया जा रहा था। कंपनी ने इस पेज पर तकनीकी व्यवधान को लेकर कोई सार्वजनिक जानकारी नहीं दी।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि इस परेशानी का असर कितने यूजर्स पर पड़ा है। एपल की ओर से न तो तकनीकी खराबी की वजह बताई गई है और न ही सेवाएं पूरी तरह बहाल होने का कोई समय दिया गया है।
सोशल मीडिया पर यूजर्स ने बताई परेशानी
कई यूजर्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी परेशानी साझा की। एक यूजर ने लिखा कि एपल पे काम नहीं कर रहा है। वहीं, एक अन्य यूजर ने आईक्लाउड और एपल अकाउंट में साइन-इन करने में आ रही दिक्कत बताई। यूजर के मुताबिक, आईफोन पर बार-बार अकाउंट का पासवर्ड दोबारा दर्ज करने के लिए कहा जा रहा था, लेकिन सत्यापन पूरा नहीं हो रहा था। स्क्रीन पर ‘वेरिफिकेशन फेल्ड-एन अननोन एरर ऑकर्ड’ का संदेश दिखाई दे रहा था।
एक अन्य यूजर ने भी इस समस्या को लेकर नाराजगी जताई और कहा कि इससे काफी परेशानी हो रही है। यूजर्स एपल के आधिकारिक सिस्टम स्टेटस पेज पर जाकर सेवाओं की स्थिति और कंपनी की ओर से जारी होने वाले नए अपडेट देख सकते हैं।
एपल से पहले माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं हुई थीं ठप
हाल के दिनों में बड़ी टेक कंपनियों की सेवाओं में तकनीकी व्यवधान की यह दूसरी घटना है। इससे पहले पिछले सप्ताह माइक्रोसॉफ्ट आउटलुक की सेवाएं भी बड़े स्तर पर प्रभावित हुई थीं। इसके एक दिन पहले जेपी मॉर्गन चेस में तकनीकी समस्या के कारण बैंकिंग सेवाओं में भी दिक्कत आई थी। इससे ऑनलाइन बैंकिंग तक पहुंच प्रभावित हुई और दूसरे बैंकों से जुड़े कुछ लेनदेन में देरी हुई थी।
