Varanasi News:आईएमए चुनाव में पहले दिन 30 डॉक्टरों ने लिए पर्चे, 25 तक नामांकन – 30 Doctors Collected Nomination Papers On The First Day Of The Ima Elections; Nominations Open Until The 25th
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) वाराणसी शाखा की नई कार्यकारिणी के गठन के लिए 13 दिसंबर को होने वाले मतदान के लिए नामांकन संबंधी प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई। 30 डॉक्टरों ने अलग-अलग पदों के लिए पर्चे लिए। 25 नवंबर तक नामांकन पत्र जमा हाेंगे। चुनाव में 2255 डॉक्टर मतदान करेंगे।
आईएमए के चुनाव के लिए पिछले सप्ताह शनिवार को चुनाव अधिकारी डॉ. अजीत सैगल ने चुनाव अधिसूचना जारी की थी। इसमें 16 से 22 नवंबर तक नामांकन पत्र का वितरण, 25 नवंबर तक डॉक्टरों से अपना नामांकन पत्र जमा होंगे। इस बार चुनाव में अध्यक्ष, सचिव के 1-1 पद, उपाध्यक्ष 3, संयुक्त सचिव के 2 पदों के साथ ही वित्तसचिव, वैज्ञानिक सचिव, सामाजिक, पुस्तकालय, प्रापर्टी सचिव सहित कुल 15 मुख्य पदों पर चुनाव कराया जाएगा। चुनाव अधिकारी ने बताया कि मुख्य पदों के साथ ही एक्जीक्यूटिव काउंसिल मेंबर्स 25 और स्टेट काउंसिल प्रतिनिधि के 46 और सेंट्रल काउंसिल प्रतिनिधि के 23 पदों के लिए भी चुनाव की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। बताया कि मंगलवार को 30 लोगों ने नामांकन पत्र लिया है। सभी प्रत्याशियों को नामांकन के लिए जरूरी नियमावली का पालन करने को कहा गया है।
