वाराणसी शहर में आपराधिक वारदातों को अंजाम देने के लिए बदमाशों का अपना टाइम टेबल है। चेन स्नेचिंग से लेकर चोरी और टप्पेबाजी तक की घटनाओं के समय और तौर-तरीकों पर नजर डालें तो अपराधियों की एक तय रणनीति सामने आती है। कब, कहां और कैसे वारदात को अंजाम देना है, बदमाश इसके लिए पहले से समय और जगह चुन लेते हैं।
पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, चेन स्नेचिंग की 12 घटनाएं सुबह पांच से सात बजे के बीच महज दो घंटे में हुईं। वहीं, एक साल में दर्ज चोरी की 167 घटनाओं में से 110 वारदातें रात 2:30 से 3:30 बजे के बीच हुईं। टप्पेबाजी की घटनाओं में बदमाशों ने 30 मिनट के भीतर वारदात को अंजाम देकर रफूचक्कर होने का तरीका अपनाया। चेन स्नेचिंग की 12 घटनाओं में से 11 में बदमाशों ने बाइक का इस्तेमाल किया, जबकि एक वारदात में पैदल ही भाग निकले।
अपराध के इन तौर-तरीकों से साफ है कि बदमाश पुलिस की नजरों से बचने के लिए सुनसान रास्तों और कम गश्त वाले समय का फायदा उठाते हैं। खासकर बुजुर्ग महिलाएं उनके निशाने पर रहीं। चेन स्नेचिंग की 12 घटनाओं में आठ पीड़ित महिलाएं 50 से 70 वर्ष की उम्र की थीं।
इसे भी पढ़ें; वाराणसी में बदमाश बेखौफ: एसीपी ऑफिस के बाहर महिला की चेन लूटी, काशी दर्शन करने गुजरात से आई थी