बुधवार, 18 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Fatehabad News:एक साल से नहीं हुई हाउस बैठक, 27 वार्डों के कामकाज पर लगा ब्रेक – No House Meeting Held For A Year, Operations Across 27 Wards Come To A Standstil
फतेहाबाद

Fatehabad News:एक साल से नहीं हुई हाउस बैठक, 27 वार्डों के कामकाज पर लगा ब्रेक – No House Meeting Held For A Year, Operations Across 27 Wards Come To A Standstil

November 18, 2026


शहर के 27 वार्डों की समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर नगर परिषद में पार्षदों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। लगभग एक वर्ष से नगर परिषद की साधारण बैठक नहीं होने से पार्षदों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। हालात यह हैं कि शहर की सरकार में शामिल पार्षदों को अपने वार्डों की समस्याएं और विकास कार्यों से जुड़े मुद्दे उठाने तक का मौका नहीं मिल रहा।

पार्षदों ने अब नगर परिषद प्रधान को लिखित शिकायत देकर जल्द से जल्द हाउस की साधारण बैठक बुलाने की मांग की है। पार्षदों का कहना है कि बैठक नहीं होने के कारण न तो पिछले कार्यों की समीक्षा हो पा रही है और न ही नए विकास कार्यों को लेकर चर्चा हो रही है।

पार्षदों के अनुसार नगर परिषद फतेहाबाद के हाउस की पहले बैठक 19 नवंबर 2025 को हुई थी। इसके बाद से अब तक साधारण बैठक नहीं बुलाई गई। एक साल पूरा होने को है, लेकिन हाउस की बैठक को लेकर कोई ठोस पहल नहीं हुई। ऐसे में सवाल उठने लगे हैं कि आखिर शहर के विकास से जुड़े फैसले कब और कैसे लिए जाएंगे।

पार्षद मोहन लाल नारंग, अनिल गर्ग, सुभाष, ज्ञानीराम, राजेंद्र आहुजा पार्षद प्रतिनिधि का कहना है कि पिछले दिनों वार्ड कमेटियां भी बनाई गई थीं, लेकिन इन कमेटियों का कोई अता-पता नहीं है। साधारण बैठक नहीं होने के कारण विकास कार्यों की समीक्षा नहीं हो पा रही है और आम जनता के काम अटके हुए हैं। पार्षदों ने मांग की है कि जल्द बैठक बुलाकर लंबित मुद्दों पर चर्चा की जाए, ताकि जनहित के कार्यों को गति मिल सके।

नगर परिषद हाउस की बैठक जल्द बुलाई जाएगी। विकास कार्यों की शहर में कोई कमी नहीं रहने देंगे। अभी हाल ही में शहर में विकास कार्य को लेकर काफी टेंडर जारी हो चुके है।

राजेंद्र सिंह खिंची, प्रधान, नगर परिषद

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X