Barabanki News:इंटरलॉकिंग मार्ग की ईंटें उखाड़ने में 11 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज – Case Registered Against 11 People For Removing Interlocking Path Bricks
सुबेहा। रुकनुद्दीनपुर ग्राम पंचायत में इंटरलॉकिंग मार्ग उखाड़ने के मामले में सुबेहा थाने में 11 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पंचायत प्रशासक सीतारानी ने तहरीर देकर बताया कि रुकनुद्दीनपुर के ताला गांव में मंदिर जाने वाले रास्ते पर इंटरलॉकिंग मार्ग का निर्माण कराया जा रहा है। करीब 25 साल पहले इस कच्चे रास्ते के किनारे पंचायत की ओर से पानी निकासी के लिए नाली का निर्माण कराया गया था। रास्ते के किनारे स्थित विवादित भूमि को लेकर सिविल न्यायालय में मुकदमा चल रहा है। इसी आधार पर एक परिवार निर्माण का विरोध कर रहा है।
सोमवार को राजस्व, पुलिस और ब्लॉक कर्मियों की मौजूदगी में इंटरलॉकिंग मार्ग का निर्माण कराया गया। आरोप है कि टीम के वापस लौटते ही परिवार की महिलाओं और अन्य लोगों ने मार्ग की ईंटें उखाड़कर फेंक दीं। पुलिस ने गांव के अनूप सिंह, अभय सिंह, अलखनाम, अभिचल सहित 11 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ समीर सिंह ने बताया कि आरोपियों पर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का आरोप है।
