बुधवार, 18 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सीतापुर

Sitapur News:146 केंद्रों पर होगी यूपी बोर्ड परीक्षा, सूची को मंजूरी – Up Board Exams To Be Held At 146 Centres; List Approved

November 18, 2026


सीतापुर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए जिले में प्रस्तावित 146 परीक्षा केंद्रों की सूची को शासन स्तर से मंजूरी मिल गई है। इसके बाद अब इन केंद्रों पर किसी भी प्रकार की आपत्ति दर्ज कराने के लिए विद्यार्थियों, अभिभावकों और संबंधित विद्यालयों को मौका दिया गया है। इसके लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद ने 21 नवंबर तक की समय सीमा निर्धारित की है।

जिला स्तर से भेजे गए परीक्षा केंद्रों के प्रस्ताव पर शासन की मुहर लगने के बाद केंद्रों की सूची जारी कर दी गई है। यदि किसी विद्यालय प्रबंधन, विद्यार्थी या अभिभावक को आवंटित परीक्षा केंद्र अथवा केंद्र निर्धारण को लेकर कोई आपत्ति है तो वह सीधे माध्यमिक शिक्षा परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन दर्ज करा सकता है। निर्धारित तिथि के बाद आपत्ति दर्ज कराने का अवसर नहीं मिलेगा।

ऐसे में संबंधित लोगों को 21 नवंबर तक अपनी शिकायत और आपत्ति परिषद की वेबसाइट पर उपलब्ध करानी होगी। इस बार जिले में यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए कुल 94,118 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इनमें हाईस्कूल के 53,014 और इंटरमीडिएट के 41,104 विद्यार्थी शामिल हैं।परीक्षार्थियों के लिए जिले में 146 केंद्र बनाए गए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेंद्र सिंह ने बताया कि यूपी बोर्ड की तरफ से 146 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर अगर किसी को कोई आपत्ति है तो वह सीधे माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर जाकर आपत्ति दर्ज करा सकता है।

150 परीक्षा केंद्र हुए थे प्रस्तावित

माध्यमिक शिक्षा परिषद ने 150 केंद्र प्रस्तावित किए थे। इन केंद्रों के निर्धारण में तमाम खामियां उजागर हुई थी। 15 से 20 किलोमीटर दूर केंद्र बना दिए गए थे। तीन कमरों के विद्यालयों को भी केंद्र बनाया गया था। वहीं, पहली बार आवासीय कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय लहरपुर को भी केंद्र बना दिया गया था। इन केंद्रों पर 103 कॉलेजों ने आपत्ति जताई थी। इस पर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बनी समिति ने इन आपत्तियों का निस्तारण करके 146 केंद्र बना दिए गए थे। जिले स्तर से भेजे गए केंद्रों पर फाइनल मुहर लगी है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X